Thursday , 13 August 2026

राहुल गांधी को कोर्ट से बड़ा झटका! श्रीराम पर कथित टिप्पणी मामले में फिर होगी सुनवाई, निगरानी अर्जी मंजूर

यूपी डेस्क : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। भगवान श्रीराम पर कथित टिप्पणी से जुड़े मामले में वाराणसी की विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) अदालत ने महत्वपूर्ण आदेश देते हुए निगरानी अर्जी स्वीकार कर ली है। अदालत ने निर्देश दिया है कि मामले में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप दोबारा सुनवाई कर नया आदेश पारित किया जाए।

बुधवार को सुनाए गए आदेश के बाद अब संबंधित परिवाद पत्र पर अवर न्यायालय में पुनः सुनवाई होगी। इससे पहले अदालत ने निगरानी अर्जी पर बहस पूरी होने के बाद 10 जून को आदेश सुनाने की तारीख तय की थी।

क्या है पूरा मामला?

मामला राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान दिए गए एक कथित बयान से जुड़ा है। अधिवक्ता हरीशंकर पांडेय की ओर से दायर अर्जी में कहा गया है कि राहुल गांधी 21 अप्रैल को अमेरिका के बोस्टन पहुंचे थे, जहां ब्राउन यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भगवान श्रीराम को लेकर टिप्पणी की थी।

अर्जी में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने भगवान राम को पौराणिक बताया और उनसे जुड़ी कथाओं को काल्पनिक कहा। साथ ही भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने तथा राम मंदिर का विरोध करने का भी आरोप लगाया गया है।

पहले खारिज हो चुका था परिवाद पत्र

शिकायतकर्ता की ओर से इस मामले में अवर न्यायालय में परिवाद पत्र दाखिल किया गया था। हालांकि प्रारंभिक स्तर पर ही अदालत ने परिवाद पत्र को पोषणीयता के आधार पर खारिज कर दिया था।

निगरानी अर्जी में तर्क दिया गया कि किसी परिवाद के दाखिल होते ही विपक्षी व्यक्ति अभियुक्त नहीं बन जाता। कानून के अनुसार पहले परिवादी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार किया जाना चाहिए। इसके बाद संज्ञान के स्तर पर अदालत जो भी आदेश देती, वह विधिक प्रक्रिया के अनुरूप होता।

अदालत ने पुनर्विचार का दिया निर्देश

निगरानी अर्जी पर सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) की अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए अवर न्यायालय को मामले की दोबारा सुनवाई करने और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार नया आदेश पारित करने का निर्देश दिया है। अब इस प्रकरण में आगे की कार्यवाही निचली अदालत में होगी।

 

Check Also

पश्चिमी यूपी में लंपी वायरस की दस्तक: सहारनपुर में सबसे ज्यादा 4,492 संक्रमित, UP के 10 जिलों में फैला संक्रमण, 4.70 लाख पशुओं का हुआ टीकाकरण

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) का संक्रमण अभी 10 जिलों तक …