
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव को लेकर दो उम्मीदवारों के नाम अचानक बदल दिए हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अब कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी सपा के प्रत्याशी होंगे। वहीं, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रकाश चंद्र गुप्ता की जगह पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है।
अखिलेश यादव ने दोनों नए प्रत्याशियों डॉ. संजयन त्रिपाठी और डॉ. आकाश अग्रवाल का स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने कमलेश यादव और प्रकाश चंद्र गुप्ता, उनके परिवारों, समर्थकों तथा चुनाव अभियान में जुटे लोगों का आभार जताया।
सपा प्रमुख ने कहा कि दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदलने का फैसला पहले घोषित प्रत्याशियों की सहमति से किया गया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों पूर्व उम्मीदवार आगामी एमएलसी चुनाव में पार्टी को पूरा सहयोग करेंगे। अखिलेश ने कहा कि वह उनके इस त्याग के लिए हमेशा आभारी रहेंगे और समय आने पर उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा।
शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर अखिलेश का बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन दोनों प्रत्याशियों के साथ समाजवादी पार्टी के सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करें। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा और परीक्षा की व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए और सरकारी नौकरियों में भेदभाव हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में स्कूली शिक्षा और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पहले से खराब हुई है। उनके मुताबिक, कई संस्थानों में गिरोह बन गए हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने शिक्षकों के साथ भेदभाव को बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि तदर्थ शिक्षक, वित्तविहीन शिक्षक, शिक्षा मित्र और पुरानी पेंशन योजना जैसे मुद्दों को समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
वोट और कानून-व्यवस्था को लेकर भी लगाए आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने गलत तरीके से वोट बनवाए। उन्होंने कहा कि दो अनुभवी लोगों के पार्टी के साथ आने से जीत पक्की होगी।
सपा प्रमुख ने पिछले 10 साल के शासन, प्रशासन और पुलिस के व्यवहार का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में सड़क पर पानी भरा होने का वीडियो पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अखिलेश यादव ने संतकबीरनगर में एक सम्मानित पहलवान की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कई घटनाएं हैं और दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को लेकर टिप्पणी की है।
किसानों की कर्जमाफी से लेकर मुफ्त इलाज तक का जिक्र
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले भी किसानों के पक्ष में फैसले लिए हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय 10 हजार रुपये तक के कर्ज वापस किए गए थे।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र आने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो सकते हैं तो किसानों के कर्ज क्यों नहीं। उन्होंने लोगों से सपा के घोषणा पत्र का इंतजार करने को कहा।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर गरीबों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।
लैपटॉप और युवाओं का भी उठाया मुद्दा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने पहले युवाओं को लैपटॉप दिए थे। उन्होंने कहा कि आज युवा मोबाइल और लैपटॉप के जरिए सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि नई पीढ़ी विकास चाहती है और यह रूढ़िवादी लोगों को पसंद नहीं है।
Navyug Samachar