Thursday , 5 November 2026

अमित शाह की राहुल गांधी को खुली चुनौती, बोले- SIR पर बहस के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार; तीन चुनाव हारे, तब कहां था मुद्दा?

करनाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के करनाल में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर राहुल गांधी को संसद में बहस करने की चुनौती दी। शाह ने कहा कि अगर राहुल गांधी इस विषय पर चर्चा चाहते हैं तो सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी हार और राहुल गांधी की दिल्ली रैली को लेकर भी तंज कसा।

SIR पर संसद में बहस की चुनौती

अमित शाह ने राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दिए जाने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सड़क पर भीड़ जुटाने के बजाय संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए।

शाह ने कहा, “मैं राहुल गांधी को सीधे चुनौती देना चाहता हूं। आप प्रधानमंत्री मोदी को चर्चा की चुनौती देते हैं? अगर चर्चा करनी है तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखिए। हम SIR पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं। आइए और संसद में बहस कीजिए।”

2014, 2019 और 2024 की हार का भी किया जिक्र

गृह मंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान SIR नहीं हुआ था, इसके बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

शाह ने कहा कि 2014 में SIR नहीं था, तब भी कांग्रेस हारी। 2019 और 2024 में भी यह प्रक्रिया नहीं हुई, फिर भी पार्टी चुनाव नहीं जीत सकी। उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी SIR नहीं हुआ था, लेकिन कांग्रेस को हार मिली।

सड़क पर प्रदर्शन को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना

अमित शाह ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और सड़क पर भीड़ जुटाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में कामकाज नहीं चलने देता और बाहर जाकर हंगामा तथा बहिष्कार की राजनीति करता है।

शाह ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी सड़कों पर भीड़ जुटाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे तो भाजपा कार्यकर्ता इसका जवाब देंगे।

दिल्ली रैली को लेकर भी कसा तंज

गृह मंत्री ने राहुल गांधी की दिल्ली में हुई रैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने देशभर से 10 लाख लोगों को दिल्ली बुलाने की अपील की थी, लेकिन जिस मैदान की क्षमता 70 हजार बताई गई थी, वह भी आधा खाली दिखाई दिया।

शाह ने कहा कि देश की जनता लगातार राहुल गांधी और कांग्रेस को नकार रही है। उनके मुताबिक, जनता न तो कांग्रेस के साथ है और न ही विपक्षी गठबंधन के।

राहुल गांधी के विदेश दौरों पर भी उठाए सवाल

अमित शाह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक पद पर हैं और देश की जनता को उनके विदेश दौरों के बारे में जानने का अधिकार है। शाह ने इस मामले पर राहुल गांधी से जवाब मांगा।

Check Also

शादी से पहले रिश्तों की पाठशाला लगाएगा गोवा का कॉलेज! 15 दिन के कोर्स में युवाओं को सिखाई जाएगी वैवाहिक जीवन की समझ

गोवा डेस्क: करियर बनाने के लिए युवा कई साल पढ़ाई और तैयारी में बिताते हैं, …