Tuesday , 6 October 2026

इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे के संवारे बाल, ठीक किया कोट और खिलाई मिठाई; रिसर्च में सामने आया बचपन के इस प्यार का बड़ा फायदा

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पिता और बेटे के बीच का बेहद प्यारा रिश्ता नजर आ रहा है। वीडियो में एक पिता UPPSC इंटरव्यू से पहले अपने बेटे को तैयार करते दिखाई दे रहे हैं। वह जेब से कंघी निकालकर बेटे के बाल संवारते हैं, उसका कोट ठीक करते हैं और फिर उसे कुछ खिलाते हैं। माना जा रहा है कि इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे को मीठा खिलाया। पिता का यह स्नेह और हौसला देने का अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

आमतौर पर माना जाता है कि बेटे अपनी मां के ज्यादा करीब होते हैं। हालांकि, पिता और बेटे के बीच भी गहरा प्यार और अपनापन होता है, लेकिन दोनों कई बार अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर नहीं कर पाते। वायरल वीडियो में पिता का बेटे के प्रति यही अनकहा प्यार दिखाई देता है। इस तरह का साथ न सिर्फ भावनात्मक सहारा देता है, बल्कि मुश्किल समय में आत्मविश्वास और हिम्मत बढ़ाने में भी मदद कर सकता है।

पिता का मजबूत साथ तनाव से निपटने में मदद करता है

अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन के अनुसार, ‘डेवलपमेंटल साइकोलॉजी’ में प्रकाशित एक स्टडी में बताया गया है कि बचपन में पिता और बेटे के बीच मजबूत रिश्ता पुरुषों को आगे की जिंदगी में रोजमर्रा के तनाव से निपटने में मदद कर सकता है।

रिसर्च में 912 लोगों को किया गया शामिल

कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी-फुलर्टन में साइकोलॉजी की प्रोफेसर मेलानी मैलर्स (PhD) की अगुवाई में हुई इस रिसर्च में 912 पुरुषों और महिलाओं को शामिल किया गया था। उनसे बचपन में माता-पिता के साथ रिश्तों, तनावपूर्ण घटनाओं और लगातार आठ शामों तक अपनी भावनात्मक प्रतिक्रियाओं से जुड़े सवाल पूछे गए।

पिता से अच्छे रिश्ते वाले पुरुषों पर तनाव का कम असर

रिसर्च के दौरान टीम ने पाया कि जिन पुरुषों के बचपन में अपने पिता के साथ अच्छे रिश्ते थे, उन पर तनावपूर्ण घटनाओं का असर उन पुरुषों की तुलना में कम हुआ, जिनके पिता-बेटे के रिश्ते अच्छे नहीं थे।

समस्या सुलझाने की क्षमता भी हो सकती है बेहतर

प्रोफेसर मेलानी मैलर्स के मुताबिक, मजबूत रिश्ते का असर समस्या सुलझाने की क्षमता पर भी पड़ सकता है। उनके अनुसार, रिसर्च के नतीजे यह सबूत देते हैं कि बचपन में माता-पिता और बच्चे के रिश्ते की गुणवत्ता का असर आगे की जिंदगी में रोजमर्रा की सेहत पर पड़ सकता है।

बच्चों को चुनौतियों का सामना करना सीखने का मौका

प्रोफेसर मैलर्स ने कहा कि इस असर की एक वजह यह हो सकती है कि पिता अक्सर अपने बच्चों, खासकर बचपन में बेटों के साथ उछल-कूद वाले खेल खेलते हैं। इससे बच्चों को नई चीजें आजमाने और चुनौतियों का सामना करने का मौका मिलता है।

 

Check Also

समुद्र के नीचे मिले 11,742 वायरस, 99% से वैज्ञानिक भी अनजान; 3 साल पुरानी इस खोज ने चौंकाया, जानें क्या मिला

प्रशांत महासागर: समुद्र की गहराई में आज भी ऐसी दुनिया मौजूद है, जिसके बारे में …