Wednesday , 30 September 2026

‘इंद्रदेव का नंबर नहीं है मेरे पास…’ बारिश से परेशान UP के युवक ने DM से लगाई ऐसी गुहार, आखिरी लाइन पढ़कर अफसर भी रह गए हैरान

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी शिकायत सामने आई है, जिसने जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों के बीच लोगों का ध्यान खींच लिया है। लगातार हो रही बारिश से परेशान एक युवक ने किसी सरकारी विभाग या अधिकारी से शिकायत करने के बजाय सीधे इंद्रदेव को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। युवक ने डीएम को भेजी अपनी शिकायत में बारिश रोकने के लिए इंद्रदेव को निर्देश देने की मांग की है।

मामला हरदोई के मल्लावां ब्लॉक स्थित नेवादा परस गांव का बताया जा रहा है। गांव के रहने वाले सूरज तिवारी लगातार कई घंटों से हो रही रुक-रुककर तेज और धीमी बारिश से परेशान थे। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही बारिश से इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और किसानों की फसलों पर भी संकट मंडरा रहा है।

शिकायत में इंद्रदेव से बारिश रोकने की मांग

सूरज तिवारी की शिकायत का अंदाज सामान्य सरकारी शिकायतों से बिल्कुल अलग था। उन्होंने बारिश से पैदा हुई परेशानी का जिक्र करते हुए प्रशासन से राहत दिलाने की मांग की। लेकिन शिकायत के आखिर में उन्होंने जो बात लिखी, उसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।

युवक ने लिखा कि उसे भगवान इंद्रदेव का मोबाइल नंबर मालूम नहीं है। इसलिए उसने अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने ‘दिव्य संपर्क’ का इस्तेमाल करते हुए इंद्रदेव को बारिश रोकने के सख्त निर्देश जारी करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायत

जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज यह शिकायत बाद में सोशल मीडिया तक पहुंच गई और तेजी से वायरल होने लगी। शिकायत के अनोखे अंदाज को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे सरकारी व्यवस्था पर तंज बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे बारिश से परेशान युवक का अनोखा अंदाज मान रहे हैं।

लगातार बारिश से जलभराव और फसलों को नुकसान की चिंता के बीच युवक की यह शिकायत अब चर्चा का विषय बन गई है। लोगों की नजर इस बात पर भी है कि हरदोई प्रशासन की ओर से इस अनोखी शिकायत पर क्या जवाब दिया जाता है।

 

Check Also

19 फीट का गड्ढा और खतरे में चीन की ऐतिहासिक दीवार! कोयला खनन के चक्कर में कैसे हुआ इतना बड़ा नुकसान?

बीजिंग: चीन की ऐतिहासिक ग्रेट वॉल को नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। सरकारी …