
मनोरंजन डेस्क: ‘बिग बॉस 20’ में स्काउट OP और लव गिल की बढ़ती नजदीकियों को लेकर पहले से चर्चा चल रही है। अब सोमवार के एपिसोड में स्काउट ने लव गिल के लिए अपनी भावनाओं को लेकर जिस तरह की बात की, उसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। खास बात यह है कि स्काउट की असल जिंदगी में गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी हैं। ऐसे में कई दर्शक स्काउट को निशाने पर ले रहे हैं और काशवी के लिए सहानुभूति जता रहे हैं।
मामला तब गरमाया जब स्काउट ने यंग डीएसए से बातचीत के दौरान लव गिल को लेकर अपने मन में चल रही उलझन का इशारों में जिक्र किया। सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि स्काउट ने सिर्फ अपनी खास भावनाओं की बात की है, इसे रोमांटिक रिश्ते से जोड़ना सही नहीं है। वहीं कई दर्शक इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि जब स्काउट शो में कई बार लव को अपनी बहन बता चुके हैं, तो अब उनके लिए इस तरह की भावनाओं की चर्चा क्यों हो रही है।
स्काउट OP ने लव गिल को लेकर क्या कहा?
सोमवार के एपिसोड में स्काउट और यंग गार्डन एरिया में पूल के पास बैठे थे। इसी दौरान लव गिल भी पास में लेटी हुई थीं। दोनों दोस्तों ने जमीन पर उंगलियों से लिखकर इशारों में बातचीत की। इसी दौरान स्काउट ने लव गिल के लिए अपनी भावनाओं को लेकर असमंजस जाहिर किया।
स्काउट ने कहा कि लव को गुल्लू के साथ देखने पर उन्हें पजेसिवनेस महसूस होने लगी है। इस पर यंग ने सवाल किया कि क्या वह अपना रास्ता बदल रहे हैं। स्काउट ने जवाब दिया कि उन्हें खुद नहीं पता। इसके बाद स्काउट ने घास पर अपनी गर्लफ्रेंड काशवी के नाम का पहला अक्षर K बनाया और कहा कि वह अब भी मानते हैं कि K उनका घर है।
‘मेरा लव की तरफ झुकाव बढ़ रहा है’
5 अक्टूबर के ‘बिग बॉस 20’ एपिसोड में स्काउट और यंग के बीच हुई बातचीत में स्काउट ने उंगली से लव का नाम लिखने के बाद ‘फीलिंग्स’ लिखा। उन्होंने कहा कि ये भावनाएं अभी मजबूत नहीं हैं। यंग ने भी इस बात पर सहमति जताई।
इसके बाद स्काउट ने कहा कि इन भावनाओं के बढ़ने के बहुत मौके हैं, क्योंकि किसी इंसान के साथ दिन-रात रहना पड़ता है। यंग ने जवाब दिया कि वह जो अब सोच रहे हैं, वह एक हफ्ते पहले से सोच रहे हैं। इसके बाद स्काउट ने कहा कि लव गिल की तरफ उनका झुकाव बढ़ रहा है।
यंग ने घास पर लिखकर पूछा कि क्या यह बहन-भाई के रिश्ते वाला झुकाव है। इस पर स्काउट ने भी सहमति जताई।
काशवी हीरानंदानी का वीडियो भी वायरल
स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें वह यंग और स्काउट की बातचीत पर लाइव स्ट्रीम के दौरान प्रतिक्रिया देती नजर आ रही हैं। वीडियो में काशवी भावुक दिखाई देती हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स काशवी के इस रिएक्शन को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि बाहर से किसी को समर्थन देने के बाद राष्ट्रीय टेलीविजन पर ऐसी बातचीत देखना उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल हो सकता है। वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि असल सच्चाई कुछ भी हो, अपने रिश्ते को ‘बिग बॉस’ की कहानी का हिस्सा बनते देखना आसान नहीं है।
कई साल से काशवी के साथ रिश्ते में हैं स्काउट
स्काउट OP और काशवी हीरानंदानी दोनों गेमिंग और स्ट्रीमिंग की दुनिया से जुड़े हुए हैं। दोनों कई साल से कमिटेड रिलेशनशिप में हैं। दोनों साथ मिलकर ऑनलाइन गेम की स्ट्रीमिंग भी करते हैं और उनकी अपनी फैन फॉलोइंग है।
ऐसे में ‘बिग बॉस 20’ में लव गिल को लेकर स्काउट की बातचीत सामने आने के बाद उनके निजी रिश्ते को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
सोशल मीडिया पर स्काउट OP को लेकर बढ़ा गुस्सा
स्काउट और यंग की बातचीत वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि उसे काशवी के लिए बुरा लग रहा है। वहीं दूसरे यूजर ने अंदाजा लगाया कि काशवी वाइल्डकार्ड के तौर पर ‘बिग बॉस’ में आ सकती हैं।
एक अन्य यूजर ने स्काउट की बातचीत का लंबा हिस्सा साझा करने की मांग की और कहा कि वह स्काउट को पसंद करता है, लेकिन इस एपिसोड के बाद उसके मन में उनके लिए सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ यूजर्स ने हालिया विरोध प्रदर्शनों में इस्तेमाल किए गए नारों की तर्ज पर स्काउट को लेकर भी टिप्पणियां कीं।
इनमें ‘एक कचौड़ी दो समोसा, मर्द जात का क्या भरोसा’ और ‘मेरे सिर में दर्द है, इसका कारण मर्द है’ जैसे नारे भी शामिल हैं। वहीं स्काउट के समर्थकों का कहना है कि बातचीत को उसके संदर्भ से अलग करके देखना ठीक नहीं होगा।
Navyug Samachar