नेशनल डेस्क: टाटा समूह की विमानन कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दीपक राजावत को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह 1 दिसंबर 2026 से कंपनी की कमान संभालेंगे। फिलहाल राजावत एयर इंडिया एक्सप्रेस में मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बुधवार को एयरलाइन के बोर्ड ने उनकी नियुक्ति का ऐलान किया। विमानन और वित्तीय क्षेत्र में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले राजावत के सामने अब एयरलाइन के विस्तार और परिचालन को नई गति देने की जिम्मेदारी होगी।विस्तारा से एयर इंडिया एक्सप्रेस तक का सफर
दीपक राजावत का विमानन क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस से पहले वह विस्तारा एयरलाइन से जुड़े थे और कंपनी की शुरुआत से ही अहम जिम्मेदारियां संभालते रहे। विस्तारा में उन्होंने कॉर्पोरेट योजना, विमान खरीद और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों में काम किया। बाद में उन्हें मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस भूमिका में उनका फोकस कंपनी की आमदनी बढ़ाने, नए विमान मार्ग विकसित करने, टिकट बिक्री, विपणन और यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने पर रहा। उनके कार्यकाल के दौरान विस्तारा घरेलू विमानन बाजार में हिस्सेदारी के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी। इसके अलावा, स्काईट्रैक्स की दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस की सूची में भी कंपनी ने जगह बनाई।
वित्तीय मजबूती और कारोबार का विस्तार प्राथमिकता
एयर इंडिया एक्सप्रेस में CFO के तौर पर काम करते हुए राजावत ने कंपनी के वित्तीय प्रबंधन के साथ कारोबार बढ़ाने और एयर इंडिया समूह में एकीकरण की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने उनकी नियुक्ति पर कहा कि राजावत को वित्तीय मामलों की गहरी समझ है और उन्हें व्यावसायिक क्षेत्र का व्यापक अनुभव हासिल है।
वहीं, दीपक राजावत ने कहा कि उनका लक्ष्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से एयरलाइन को और मजबूत बनाना होगा।
आलोक सिंह के बाद संभालेंगे कंपनी की कमान
एयर इंडिया एक्सप्रेस में यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय हुआ है, जब कंपनी अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी में है। इससे पहले प्रबंध निदेशक और CEO आलोक सिंह ने 19 मार्च 2026 को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ दिया था।
आलोक सिंह नवंबर 2020 में एयरलाइन के CEO बने थे। उस समय एयर इंडिया एक्सप्रेस सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी थी और कोरोना महामारी के चलते पूरा विमानन उद्योग मुश्किल दौर से गुजर रहा था। जनवरी 2022 में टाटा समूह ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का अधिग्रहण किया। इसके बाद भी आलोक सिंह कंपनी की कमान संभालते रहे।
उनके कार्यकाल में एयरलाइन के ढांचे और कारोबार में कई बड़े बदलाव हुए। कंपनी का निजीकरण हुआ, एयरएशिया इंडिया के साथ विलय की प्रक्रिया पूरी हुई और विमानों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। साल 2020 में एयर इंडिया एक्सप्रेस के पास सिर्फ 26 विमान थे, जबकि आलोक सिंह के कार्यकाल के दौरान यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई। यानी कंपनी का विमान बेड़ा करीब चार गुना हो गया।
अब 1 दिसंबर से दीपक राजावत के नेतृत्व में एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई पारी शुरू होगी। उनके सामने कंपनी के विस्तार की रफ्तार बनाए रखने, वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की अहम जिम्मेदारी होगी।
Navyug Samachar