अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद को लेकर विवादित टिप्पणी की है। एक संबोधन के दौरान ट्रंप ने उन्हें ‘जिहादी’ करार दिया। इससे पहले भी वह मिशिगन से चुनाव लड़ रहे अल-सैयद पर तीखा हमला बोल चुके हैं।
ट्रंप ने अल-सैयद को ‘मुस्लिम ब्रदरहुड का जिहादी सदस्य’ बताते हुए 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर अल-सैयद नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव में जीत हासिल करते हैं, तो अमेरिकी सीनेट में प्रवेश से पहले उनकी मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा जांच होनी चाहिए।
ट्रंप ने अल-सैयद के परिवार पर भी आतंकवादी संबंध होने के आरोप लगाए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अल-सैयद चुनाव जीत जाते हैं, तो क्या उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच दी जानी चाहिए।
चुनावी रैली में प्रदर्शनकारियों ने कई बार रोका भाषण
इस बीच, फ्लोरिडा के डेटोना बीच में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप को कम से कम चार बार रोक दिया। लगातार हो रहे हंगामे के कारण मिडटर्म चुनाव को लेकर उनका भाषण बाधित हुआ।
एक प्रदर्शनकारी के दखल देने पर ट्रंप अपना आपा खो बैठे। उन्होंने उसकी ओर मुड़कर गुस्से में कहा, ‘चुप हो जाओ, लूजर। कितना बड़ा लूजर है। इसे यहां से बाहर निकालो।’ इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनकारी को कार्यक्रम स्थल से बाहर करने की मांग की।
यह हंगामा उस समय शुरू हुआ, जब ट्रंप मिडटर्म चुनाव की अहमियत पर बात कर रहे थे। लगातार हो रही रुकावटों से नाराज ट्रंप ने शिकायत की कि प्रदर्शनकारी उनके भाषण की पंचलाइन्स के बीच में आ रहे हैं।
4.3 करोड़ से अधिक अमेरिकी डाल चुके हैं वोट
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव को लेकर मतदान की प्रक्रिया जारी है। अब तक 4.3 करोड़ से अधिक अमेरिकी मतदाता अपने वोट डाल चुके हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा इलेक्शन लैब के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन 40 से 50 लाख के बीच मतदाताओं ने शुरुआती मतदान यानी अर्ली वोटिंग में हिस्सा लिया है।
Navyug Samachar
