Wednesday , 18 November 2026

जय शाह फिर बने ICC चेयरमैन, लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने गए; अब ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी पर नजर

नई दिल्ली: जय शाह को लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का चेयरमैन चुना गया है। इस बार भी उनके सामने किसी ने दावेदारी पेश नहीं की और वह निर्विरोध चुने गए। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठकों में उनके दूसरे कार्यकाल पर मुहर लगी। अब उनके सामने क्रिकेट को नए वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में इसकी सफल वापसी सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।

जय शाह का नया कार्यकाल ऐसे समय शुरू हो रहा है, जब 128 साल बाद क्रिकेट ओलंपिक में लौटने जा रहा है। लॉस एंजिल्स में होने वाले 2028 ओलंपिक में क्रिकेट को जगह मिली है। ऐसे में ICC की रणनीति में खेल का वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या बढ़ाना और व्यावसायिक संभावनाओं को मजबूत करना भी अहम रहेगा।

दूसरी बार चेयरमैन बनने पर जय शाह ने क्या कहा?

दोबारा चुने जाने पर जय शाह ने ICC बोर्ड के भरोसे और समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

जय शाह ने कहा कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर है। इससे खिलाड़ियों और प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ICC की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है। खेल का भविष्य प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और इससे जुड़े दूसरे पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर मजबूत बनाना होगा।

2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी बड़ी चुनौती

जय शाह के दूसरे कार्यकाल में सबसे अहम पड़ाव लॉस एंजिल्स ओलंपिक होगा। 2028 के खेलों में क्रिकेट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी।

क्रिकेट करीब 128 साल के अंतराल के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है। ICC के लिए यह खेल को उन देशों और दर्शकों तक पहुंचाने का मौका है, जहां अब तक इसकी लोकप्रियता सीमित रही है। जय शाह के नेतृत्व में इस मौके को कितनी सफलता मिलती है, इस पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी।

BCCI सचिव और ACC अध्यक्ष भी रह चुके हैं जय शाह

जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उनसे पहले न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले इस जिम्मेदारी पर थे। ICC में आने से पहले जय शाह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव रह चुके हैं। उन्होंने 2019 में यह पद संभाला था। इसके अलावा वह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने के बाद अब उनके सामने वैश्विक स्तर पर क्रिकेट का दायरा बढ़ाने और ओलंपिक में उसकी वापसी को यादगार बनाने की जिम्मेदारी है।

Check Also

अर्शदीप सिंह की ICC रैंकिंग में बड़ी छलांग! 12 स्थान की उछाल के साथ टॉप-20 में बनाई जगह, इन गेंदबाजों को भी हुआ फायदा

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार …