Saturday , 21 November 2026

पन्नू केस में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल, अब सजा से राहत के लिए क्या हैं 4 कानूनी रास्ते?

नई दिल्ली: अमेरिका की अदालत से 19 साल 7 महीने की जेल की सजा मिलने के बाद भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के सामने अब कानूनी विकल्पों का सवाल खड़ा हो गया है। खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश से जुड़े मामले में दोष स्वीकार करने के बाद उन्हें यह सजा सुनाई गई है। हालांकि, सजा का ऐलान होने के बाद भी उनके पास कुछ कानूनी रास्ते खुले हैं, जिनके जरिए वह सजा को चुनौती देने, उसमें बदलाव कराने या राहत पाने की कोशिश कर सकते हैं। इनमें उच्च अदालत में अपील, सजा रद्द कराने की याचिका, सजा कम करने की मांग और अमेरिकी राष्ट्रपति से क्षमादान की अपील शामिल हैं।

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो ने निखिल गुप्ता को कुल 235 महीने यानी 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई। उन्होंने फरवरी 2026 में हत्या के लिए पैसे देने, हत्या की साजिश रचने और धनशोधन की साजिश से जुड़े आरोप स्वीकार कर लिए थे। अदालत ने संकेत दिया है कि जेल की सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से निर्वासित भी किया जा सकता है।

1. उच्च अदालत में अपील कर सकते हैं निखिल गुप्ता

निखिल गुप्ता के पास सजा के खिलाफ अमेरिकी कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द सेकेंड सर्किट में अपील करने का विकल्प है। हालांकि, चूंकि उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था, इसलिए अपील के उनके अधिकार सीमित हो गए हैं। सामान्य तौर पर ऐसे मामलों में सजा सुनाए जाने के 14 दिनों के भीतर अपील की प्रक्रिया शुरू करनी होती है।

वह अदालत में यह दलील दे सकते हैं कि उनसे दबाव में अपराध स्वीकार कराया गया था या उन्होंने अपनी मर्जी से आरोप नहीं कबूले थे। इसके अलावा, अगर सजा कानूनी प्रावधानों या आरोप स्वीकार करने के समझौते की शर्तों के खिलाफ दी गई हो अथवा निचली अदालत ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया हो, तो इन आधारों पर भी चुनौती दी जा सकती है।

हालांकि, इस मामले में जज ने 235 से 293 महीने की संभावित सजा की सीमा में सबसे कम यानी 235 महीने की सजा सुनाई है। ऐसे में अपील के जरिए राहत मिलना आसान नहीं होगा।

2. सजा रद्द कराने या उसमें सुधार की मांग

निखिल गुप्ता के पास अपनी सजा को कानूनी आधार पर रद्द कराने या उसमें बदलाव की मांग करने का विकल्प भी है। इसके लिए वह संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन, अदालत के अधिकार क्षेत्र से जुड़े सवाल या कानूनी प्रक्रिया में गंभीर खामी का आधार ले सकते हैं।

इसके अलावा, वह यह दलील भी दे सकते हैं कि मुकदमे के दौरान उनके वकील ने उन्हें प्रभावी कानूनी सहायता नहीं दी। हालांकि, इस तरह की याचिका में उन्हें अपने दावों के समर्थन में ठोस कानूनी आधार और साक्ष्य पेश करने होंगे।

3. गंभीर बीमारी या विशेष परिस्थितियों में सजा कम कराने की मांग

अमेरिकी कानून के तहत कुछ विशेष परिस्थितियों में कैदी सजा कम कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। इसके लिए निखिल गुप्ता को पहले अमेरिकी जेल प्रशासन यानी ब्यूरो ऑफ प्रिजन्स के सामने उपलब्ध प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद वह सजा सुनाने वाली अदालत में याचिका दाखिल कर सकते हैं।

इसमें गंभीर बीमारी, उम्र या परिवार से जुड़ी असाधारण परिस्थितियों को आधार बनाया जा सकता है। इसके अलावा, यदि कोई कैदी किसी अन्य अपराध की जांच या मुकदमे में सरकार की मदद करता है, तो अभियोजन पक्ष की ओर से याचिका दायर किए जाने पर उसकी सजा में बदलाव संभव हो सकता है।

4. अमेरिकी राष्ट्रपति से मांग सकते हैं क्षमादान

निखिल गुप्ता के पास अमेरिकी राष्ट्रपति से भी राहत मांगने का विकल्प है। वह राष्ट्रपति के समक्ष अपनी सजा कम करने या क्षमादान देने की अपील कर सकते हैं। हालांकि, राष्ट्रपति से इस तरह की राहत मिलना पूरी तरह उनके विवेक पर निर्भर करता है।

विशेष रूप से विदेशी साजिश और गंभीर संघीय अपराधों से जुड़े मामलों में ऐसी राहत मिलना बेहद मुश्किल माना जाता है। इसलिए यह विकल्प मौजूद होने के बावजूद इससे सजा में राहत मिलने की कोई गारंटी नहीं है।

निखिल गुप्ता की वकील ने अदालत में क्या दलील दी?

निखिल गुप्ता की वकील इसाबेल किर्शनेर ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल इस साजिश के मुख्य सूत्रधार नहीं थे। इसलिए उन्हें उनकी अपनी भूमिका और किए गए कार्यों के आधार पर सजा दी जानी चाहिए।

वकील ने अदालत से मामले में अपना पक्ष रखने के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा। उनका कहना था कि केस से जुड़े कई दस्तावेजों और सबूतों की समीक्षा अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने निखिल गुप्ता का मामला अपने हाथ में लिया, तब तक वह अपना अपराध स्वीकार कर चुके थे। ऐसे में उन्हें अपने मुवक्किल से विस्तार से बातचीत करने और सभी दस्तावेजों की जांच करने के लिए पर्याप्त समय की जरूरत थी, ताकि अदालत के सामने उनका पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

 

Check Also

बिहार में PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- पहले अपराध के आंकड़ों से बनती थीं सुर्खियां, अब अपराधियों पर हो रही कार्रवाई

 बिहार डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और …