Saturday , 17 October 2026

फोन बंद होने पर भी समय पर पहुंच जाएगा WhatsApp मैसेज, आने वाला है शेड्यूल्ड मैसेज फीचर!

टेक्नोलॉजी डेस्क: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक लंबे समय से मांग किए जा रहे फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। कंपनी जल्द ही प्लेटफॉर्म पर शेड्यूल्ड मैसेजेस फीचर ला सकती है, जिसकी मदद से यूजर्स पहले से मैसेज तैयार करके तय समय पर अपने आप भेज सकेंगे। खास बात यह होगी कि मैसेज भेजने के समय अगर यूजर का फोन बंद है या इंटरनेट से कनेक्ट नहीं है, तब भी मैसेज डिलीवर हो सकेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नया फीचर फिलहाल कुछ एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। इसके जरिए यूजर्स टेक्स्ट मैसेज के अलावा लिंक, फोटो और वीडियो भी पहले से शेड्यूल कर पाएंगे। यह सुविधा व्यक्तिगत चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी काम करने की उम्मीद है।

एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए शुरू हुई टेस्टिंग

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp अपने एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.40.7 में कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए शेड्यूल्ड मैसेज फीचर उपलब्ध करा रहा है। इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को चैट में मैसेज लिखने के बाद सेंड बटन को कुछ देर दबाकर रखना होगा।

यदि यह फीचर उपलब्ध होगा तो WhatsApp स्क्रीन पर मैसेज भेजने की तारीख और समय चुनने का विकल्प दिखाएगा। इसके बाद तय समय पर मैसेज अपने आप सामने वाले व्यक्ति तक पहुंच जाएगा।

मैसेज, फोटो और वीडियो को कर सकेंगे शेड्यूल

इस फीचर के जरिए यूजर्स सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि लिंक, फोटो और वीडियो भी शेड्यूल कर सकेंगे। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार एक बार में केवल एक फोटो या वीडियो को ही शेड्यूल करने का विकल्प मिल सकता है।

यूजर्स फोटो भेजने से पहले उसमें बदलाव भी कर सकेंगे। इसके लिए ड्रॉइंग एडिटर और कैप्शन जोड़ने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं। मैसेज को मौजूदा समय से 10 मिनट बाद से लेकर अधिकतम दो सप्ताह पहले तक शेड्यूल करने का विकल्प मिलने की उम्मीद है।

फोन ऑफलाइन होने पर भी हो जाएगा मैसेज डिलीवर

शेड्यूल किया गया मैसेज तय समय पर अपने आप भेजा जाएगा। इसके लिए जरूरी नहीं होगा कि भेजने वाले का फोन उस समय ऑनलाइन हो या WhatsApp एप खुला हुआ हो। यह फीचर उन यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जो जरूरी संदेश पहले से तैयार करके रखना चाहते हैं।

ग्रुप चैट में भी इस सुविधा के काम करने की संभावना है। हालांकि, शेड्यूल किए गए मैसेज केवल उन्हीं सदस्यों को मिलेंगे, जो मैसेज तय करते समय उस ग्रुप का हिस्सा होंगे। बाद में ग्रुप में शामिल होने वाले नए सदस्यों को वह मैसेज दिखाई नहीं देगा।

डिलीवरी से पहले मैसेज देखने और हटाने का मिलेगा विकल्प

WhatsApp यूजर्स को शेड्यूल किए गए मैसेज की जानकारी देखने के लिए चैट इन्फो सेक्शन में अलग विकल्प मिल सकता है। यहां से यूजर्स भेजे जाने वाले मैसेज को चेक कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर डिलीट भी कर पाएंगे।

अगर कोई यूजर शेड्यूल किए गए मैसेज को डिलीट करता है, तो सामने वाले व्यक्ति को इसकी कोई सूचना मिलने की संभावना नहीं है।

एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ आ सकता है फीचर

रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp इस फीचर में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सपोर्ट जारी रख सकता है। फिलहाल यह सुविधा Google Play Store के जरिए कुछ एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले हफ्तों में कंपनी इसे ज्यादा यूजर्स के लिए जारी कर सकती है।

 

Check Also

वंदे भारत में सफर करने पहुंचा विदेशी यात्री, घूमने वाली कुर्सियों पर आया दिल, 107 किमी की रफ्तार देख रह गया हैरान

मुंबई: भारत की वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी आधुनिक सुविधाओं और तेज रफ्तार के कारण यात्रियों …