
पटना डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद के बीच 30 वर्षीय दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बभनपुरा गांव की है, जहां दीपक के सगे चाचा और बिल्डर व जमीन कारोबारी ललन शर्मा पर हत्या का आरोप है। बताया गया है कि हमलावर ने दीपक के सिर, पेट, जांघ और पैर में छह गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के पीछे कथित अवैध संबंधों, पारिवारिक कलह और जमीन विवाद की बात सामने आई है।
चाची ने लगाए पति पर बहू से प्रेम संबंध के आरोप
मामले में आरोपी ललन शर्मा की पत्नी शोभा देवी ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ललन शर्मा का अपने ही भतीजे दीपक की पत्नी के साथ लंबे समय से कथित प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
आरोप है कि दीपक अपने चाचा के इस रिश्ते का विरोध करता था और उन्हें समझाने की कोशिश भी कर चुका था। घर में लगातार बढ़ते विवाद के कारण दीपक ने अपनी पत्नी के मायके में अलग घर बनवा लिया था। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद परिवार के भीतर तनाव और बढ़ गया था।
करोड़ों की जमीन को लेकर भी चल रहा था विवाद
इस हत्याकांड के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद भी सामने आया है। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि 55 वर्षीय ललन शर्मा ने धोखे से उनके बेटे और बहू की मुख्य सड़क किनारे स्थित कीमती जमीन अपने नाम करा ली थी। परिवार के विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया गया है कि मंगलवार सुबह भी जमीन और पारिवारिक मामलों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान ललन शर्मा ने हथियार निकालकर दीपक पर गोलियां चला दीं। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटनास्थल से छह खोखे बरामद, परिजनों से पूछताछ
वारदात की सूचना मिलने के बाद फुलवारीशरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से छह खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।
मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने आरोप लगाया कि घटना के समय ललन शर्मा का दामाद रवि भी उसके साथ मौजूद था। पुलिस ने मामले की जांच के तहत आरोपी की पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, मुख्य आरोपी ललन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Navyug Samachar