Tuesday , 27 October 2026

योगी का बड़ा दावा: अब नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बन रहे यूपी के युवा!

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं की बदलती भूमिका और बढ़ती उद्यमशीलता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और नई सोच के दम पर संभावनाओं को उपलब्धियों में बदल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कार्य संस्कृति में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि अब युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

नवाचार और उद्यमिता से नई पहचान बना रहे युवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट के जरिए प्रदेश की युवाशक्ति की प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नवाचार की नई सोच, उद्यमिता का साहस और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने का संकल्प उत्तर प्रदेश के युवाओं की पहचान बन रहा है। युवा अपनी क्षमता और मेहनत के जरिए नए अवसरों को सफलता में बदल रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की प्रतिभा, सृजनशीलता और उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार को लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एवं अवार्ड्स 2026’ में शामिल होने की बात भी कही।

2017 से पहले अवसरों की कमी से परेशान थे युवा: योगी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले के हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर नहीं मिलने के कारण दूसरे स्थानों की ओर पलायन करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अव्यवस्था के चलते युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता था। प्रतिभा और योग्यता होने के बावजूद युवाओं को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर और प्रोत्साहन नहीं मिल पाता था।

भर्ती से लेकर स्टार्टअप तक, सरकार के प्रयासों का जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के माध्यम से युवाओं के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते तैयार किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन प्रयासों से प्रदेश के युवाओं की भूमिका में बदलाव आया है। अब वे केवल रोजगार की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि नए रोजगार के अवसर पैदा करने वाले भी बन रहे हैं।

विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता को प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत के रूप में रेखांकित किया।

Check Also

लखनऊ में तिहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप, सड़क पर उतरे लोग; इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी सस्पेंड

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ही परिवार के तीन लोगों की …