Tuesday , 24 November 2026

वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका! महज 28 गेंदों में ठोक दिया शतक, लिस्ट-ए क्रिकेट में बनाया विश्व रिकॉर्ड

दोहा: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने तूफानी प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में इतिहास रच दिया है। एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए वैभव ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 14 छक्के और चार चौके लगाकर गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। फ्रेजर-मैकगर्क ने साल 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव ने उनसे एक गेंद कम खेलकर यह उपलब्धि हासिल की और लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड बना दिया।

लिस्ट-ए क्रिकेट के सबसे तेज शतक

गेंदें बल्लेबाज मुकाबला और वर्ष
28 वैभव सूर्यवंशी इंडिया-ए बनाम UAE, 2026
29 जेक फ्रेजर-मैकगर्क साउथ ऑस्ट्रेलिया बनाम तस्मानिया, 2023
31 एबी डिविलियर्स साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, जोहानिसबर्ग, 2015
32 सकीबुल गनी बिहार बनाम अरुणाचल, रांची, 2025
33 ईशान किशन झारखंड बनाम कर्नाटक, अहमदाबाद, 2025

16 गेंदों में जड़ दिया अर्धशतक, छक्कों की लगाई झड़ी

वैभव ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। पहले ओवर में उन्होंने जाहिद अली की गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़े। इसके बाद अगले ओवर में इबरार अहमद के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया।

तीसरे ओवर में बासिल हमीद की गेंदों पर भी वैभव ने तीन छक्के जड़ दिए। इस तरह उन्होंने केवल 16 गेंदों में आठ छक्कों और एक चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने 28 गेंदों में शतक पूरा कर नया कीर्तिमान बना दिया।

इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान।

UAE की प्लेइंग इलेवन

आर्यांश शर्मा, अंश टंडन, हरप्रीत सिंह भाटिया, मुहम्मद शाहदाद, एम. आफताब आलम (विकेटकीपर), बासिल हमीद (कप्तान), ईथन डिसूजा, उदिश सूरी, इबरार अहमद, सिमरनजीत सिंह और जाहिद अली।

 

Check Also

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ ने बढ़ाई टीम इंडिया की मुश्किलें, WTC फाइनल में पहुंचने के लिए जीतने होंगे सभी 6 मैच

स्पोर्ट्स डेस्क: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने की भारतीय टीम की उम्मीदों …