Monday , 19 October 2026

सास-बहू के झगड़े में बेटे ने खोया आपा, मां-बाप पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग; पिता की हालत गंभीर

लखीमपुर डेस्क: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने गुस्से में आकर अपने माता-पिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में मां और पिता गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आरोपी युवक का हाथ भी जल गया। पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कोतवाली क्षेत्र के चखरा गांव निवासी बलराम शाह ने रविवार को अपने बेटे सपालू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी बैजंती देवी और बहू छाया के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान सपालू बाइक से घर पहुंचा। मां और पत्नी के बीच विवाद देखकर वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि सपालू ने पहले अपनी मां को अपशब्द कहे और बीच-बचाव करने आए पिता के साथ भी अभद्रता की। इसके बाद उसने अपनी बाइक की टंकी से पेट्रोल निकाला और मां बैजंती देवी व पिता बलराम शाह पर छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

पिता की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर

घटना के दौरान आरोपी सपालू का हाथ भी काफी झुलस गया। कोतवाल गोपाल नारायण सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अपमानित करने के लिए अपशब्द कहने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

आग से झुलसे माता-पिता और आरोपी को पहले निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लखीमपुर भेजा गया। वहां बैजंती देवी और सपालू का इलाज चल रहा है, जबकि बलराम शाह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

बुलंदशहर में बिजली बिल के रुपये मांगने पर मां-बाप से मारपीट

माता-पिता के साथ मारपीट का एक अन्य मामला बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शांति नगर से सामने आया है। यहां बिजली बिल और हाउस टैक्स के रुपये मांगने को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि बेटे और बहू ने बुजुर्ग दंपती के साथ अभद्रता की और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में बुजुर्ग की पत्नी और दो पोतों को चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

शांति नगर की मस्जिद वाली गली निवासी ढाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी रानी देवी के साथ रहते हैं। उनके घर में बेटा अनिल कुमार, बहू साक्षी और दो अन्य बेटे मनोज व राहुल भी रहते हैं।

ढाल सिंह के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे बिजली बिल और हाउस टैक्स के रुपये मांगने पर अनिल और साक्षी नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने रानी देवी, राहुल और मनोज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे तीनों को चोटें आईं।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी और बेटे राहुल का सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार में विवाद को लेकर पहले भी उनके साथ अभद्रता की जाती रही है।

Check Also

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, 26 नवंबर को जारी होगा PDA का ‘प्रणपत्र’; कन्नौज में संगठन पर भी हुई कार्रवाई

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय …