
मुंबई: कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर अपनी शानदार मिमिक्री और अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने के लिए जाने जाते हैं। वह जिस भी कलाकार या शख्सियत की नकल करते हैं, उसका अंदाज, बोलने का तरीका और हाव-भाव हूबहू नजर आने लगता है। लेकिन आखिर सुनील ग्रोवर ऐसा कैसे कर लेते हैं? इसका जवाब एक मिमिक्री आर्टिस्ट ने अपने पॉडकास्ट में दिया था।
मिमिक्री आर्टिस्ट सुमेध शिंदे ने सुनील ग्रोवर की मिमिक्री कला के पीछे की खासियतों के बारे में बताया था। सुमेध खुद मिमिक्री के विशेषज्ञ माने जाते हैं और उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की नकल को वास्तविक दिखाने के लिए सिर्फ उसकी आवाज या लहजे की नकल करना काफी नहीं होता।
सुमेध ने बताईं मिमिक्री की बारीकियां
सुमेध शिंदे के मुताबिक, मिमिक्री में कई छोटी-छोटी चीजें महत्वपूर्ण होती हैं। आमतौर पर मिमिक्री करने वाले कलाकार शुरुआत में किसी अभिनेता की कुछ खास आदतों या बोलने के अंदाज को पकड़ते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए आमिर खान के ‘आइला’ बोलने और ऋतिक रोशन के ‘फैंटास्टिक’ कहने के अंदाज का जिक्र किया। सुमेध के अनुसार, शुरुआत में ऐसी बड़ी पहचान वाली चीजों का सहारा लिया जाता है, लेकिन असली मिमिक्री तब सामने आती है जब कलाकार इन चीजों पर निर्भर रहना छोड़ देता है।
सिर्फ आवाज नहीं, व्यवहार भी बनाता है मिमिक्री को असली
सुमेध ने बताया कि जब मिमिक्री में बड़ी और आसानी से पहचानी जाने वाली चीजों की जरूरत खत्म हो जाती है, तब व्यक्ति की शख्सियत से जुड़ी बेहद बारीक चीजें काम आती हैं। किसी अभिनेता का बातचीत करने का तरीका, उसका रवैया, हाव-भाव और व्यक्तित्व की छोटी-छोटी आदतें मिमिक्री को ज्यादा वास्तविक बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार जब कलाकार को लगता है कि दर्शकों को उसकी आवाज उस किरदार में पूरी तरह दर्ज नहीं हो रही है, तब वह किसी खास अंदाज या बड़ी पहचान वाली बारीकी को दोबारा उभारता है।
सुनील ग्रोवर के मामले में अलग है पूरा खेल
सुमेध शिंदे के मुताबिक, सुनील ग्रोवर को मिमिक्री के लिए इन बड़ी बारीकियों का भी ज्यादा सहारा नहीं लेना पड़ता। उन्होंने बताया कि सुनील किसी किरदार में उतरने के लिए केवल थोड़ा सा रवैया या एक्सप्रेशन बदलते हैं और उनका अभिनय तुरंत उस शख्सियत की याद दिलाने लगता है।
यही वजह है कि सुनील ग्रोवर की मिमिक्री दर्शकों को बेहद स्वाभाविक लगती है। वह अब तक सलमान खान, खली, कादर खान, आमिर खान और जावेद अख्तर समेत कई शख्सियतों की मिमिक्री कर चुके हैं और इन किरदारों के लिए उन्हें खूब तारीफ मिली है।
Navyug Samachar