Tuesday , 6 October 2026

‘कॉकरोच आ रहे हैं, प्रधान जा रहे हैं’… जंतर-मंतर पर CJP का अनोखा प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

नई दिल्ली : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई और जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ संसद मार्ग थाना पहुंचे और प्रदर्शन की अनुमति मांगी। दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद सभी जंतर-मंतर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

कॉकरोच की वेशभूषा में पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता कॉकरोच की वेशभूषा और मास्क पहनकर नजर आए। जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान NEET-UG पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश का युवा अब डरेगा नहीं, लड़ेगा। उन्होंने नारे लगाते हुए कहा, “देश का युवा अब डरेगा नहीं, लड़ेगा। कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं।”

‘करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर’

कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शिक्षा मंत्री जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और उन्हें करदाताओं के पैसे से वेतन मिलता है। पार्टी का आरोप है कि उनके कार्यकाल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि यह देश महात्मा गांधी का देश है और यहां हर विरोध लोकतांत्रिक तथा अहिंसक तरीके से ही किया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक ऑनलाइन मुहिम के रूप में हुई थी। यह अभियान उस समय चर्चा में आया जब एक मामले की सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।

इसी टिप्पणी के विरोध में अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की। शुरुआत में इसे एक प्रतीकात्मक अभियान माना गया, लेकिन देखते ही देखते इसे बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिलने लगा। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और फॉलोअर्स के मामले में इसने कई स्थापित राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया।

अब यही संगठन NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है और देशभर के युवाओं से समर्थन जुटाने में लगा है।

 

Check Also

जनता दर्शन में CM योगी का बड़ा फरमान, बोले- पीड़ित दोबारा आया तो अफसर होंगे जिम्मेदार, कब्जेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन में दूरदराज …