Monday , 5 October 2026

दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न! आंधी-बारिश और ठंडी हवाओं से टूटी हीटवेव की कमर, IMD ने जारी किया अलर्ट

नेशनल डेस्क : दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से बड़ी राहत मिल गई है। कई दिनों से लगातार पड़ रही चिलचिलाती धूप और हीटवेव के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और बारिश ने तापमान में उल्लेखनीय गिरावट ला दी है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आसमान पर घने बादल छा गए हैं। तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला शुरू होने से मौसम पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

अगले कुछ घंटों में तेज आंधी और बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

फिलहाल राजधानी में ठंडी हवाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है और तापमान में आई गिरावट ने मौसम को काफी सुहावना बना दिया है।

10 जून को भी दिखा था मौसम का बदला हुआ रूप

इससे पहले 10 जून को भी दिल्ली में दोपहर के समय अचानक मौसम बदला था और कई इलाकों में अंधेरा छा गया था। तेज हवाओं और बादलों के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली थी।

ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर के कई क्षेत्रों में भी तेज बारिश दर्ज की गई थी। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आई थीं, जिससे मौसम और अधिक ठंडा हो गया।

क्यों बदला मौसम का मिजाज?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सेंट्रल पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है। इसी सिस्टम के कारण तेज हवाएं चल रही हैं और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि 11 जून से मानसून पूर्व गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के बड़े हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

तापमान 40 डिग्री से नीचे जाने के आसार

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने की संभावना जताई गई है।

यदि मौसम का यह रुख जारी रहा तो लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू से काफी राहत मिल सकती है।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …