Monday , 5 October 2026

सुहागरात के बाद मचा बवाल! पति को छोड़ प्रेमी के घर पहुंची दुल्हन, पंचायत बैठी और 8 दिन में हो गई दूसरी शादी

यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक नवविवाहिता की शादी, विवाद, पंचायत, तलाक और दूसरी शादी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी के महज आठ दिन बाद ही युवती का अपने पति से तलाक हो गया और उसी रात प्रेमी के साथ उसका निकाह भी करा दिया गया। पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी और घंटों तक पंचायत चलती रही।

बताया जा रहा है कि युवती की शादी आठ दिन पहले संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल पहुंची, लेकिन सुहागरात के दौरान ही विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि नवविवाहिता ने अपने पति को नपुंसक बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

सुबह होते ही ससुराल छोड़ मायके पहुंची

परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद युवती अगले ही दिन ससुराल छोड़कर अपने मायके लौट आई। वहां उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद मामला और अधिक उलझ गया, जब युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई।

बताया जाता है कि अजीमनगर थाना क्षेत्र के बहादुरगंज गांव में रहने वाले अपने प्रेमी के घर पहुंचकर उसने शादी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। युवती ने कथित तौर पर चेतावनी भी दी कि यदि उसका निकाह प्रेमी से नहीं कराया गया तो वह आत्मघाती कदम उठा सकती है।

मामला सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत

घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में युवती के पति, पिता, प्रेमी और दोनों परिवारों के लोगों को शामिल किया गया। ग्राम प्रधान और गांव के कई सम्मानित लोगों की मौजूदगी में घंटों तक बातचीत और समझौते की कोशिश चलती रही।

मंगलवार देर रात तक चली पंचायत में आखिरकार सभी पक्षों के बीच सहमति बनने की बात सामने आई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तलाक की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

तलाक के तुरंत बाद प्रेमी से निकाह

पंचायत में समझौता होने के बाद युवती ने अपने प्रेमी से निकाह कराने की जिद की। इसके बाद देर रात काजी को बुलाया गया और प्रेमी के साथ उसका निकाह करा दिया गया।

बताया जा रहा है कि तलाक की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद ही दूसरी शादी संपन्न कराई गई। इसके बाद युवती को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया।

गांवभर में चर्चा का विषय बना मामला

करीब 12 घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन गांव और आसपास के इलाकों में यह घटना चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है। शादी के सिर्फ आठ दिनों के भीतर तलाक और दूसरी शादी होने की वजह से लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …