
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार और बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ढाई साल की मासूम बच्ची और उसकी 55 वर्षीय दादी भी शामिल हैं।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार सभी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मलकपुर निवासी लविश अपनी मां, बहन और छोटी बेटी के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान धौलाकुआं के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चारों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
चार लोगों की मौत से परिवार में कोहराम
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय लविश, उसकी 55 वर्षीय मां राजदुलारी, 20 वर्षीय बहन अंजना और ढाई साल की बेटी रूही के रूप में हुई है। बताया गया है कि लविश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी और घर पर पत्नी व एक छोटा बेटा भी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Navyug Samachar