Monday , 5 October 2026

नोएडा एयरपोर्ट पर उतरी पहली कमर्शियल फ्लाइट, यात्रियों का भव्य स्वागत; टैक्सी व्यवस्था ने बिगाड़ा पहला अनुभव

यूपी डेस्क: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने सोमवार को अपने संचालन के इतिहास का अहम अध्याय दर्ज कर लिया। लखनऊ से आने वाली इंडिगो की पहली कमर्शियल फ्लाइट सुबह 8:05 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। विमान के पहुंचते ही यात्रियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया और एयरपोर्ट परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हालांकि, उद्घाटन के इस ऐतिहासिक दिन कुछ यात्रियों को टैक्सी सुविधा न मिलने के कारण परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

एयरपोर्ट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतू सामरा ने पहली उड़ान से पहुंचे यात्रियों का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। यात्रियों ने भी नए एयरपोर्ट के संचालन को लेकर खुशी जताई और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

दिल्ली-एनसीआर को मिला नया एविएशन हब

पहली कमर्शियल फ्लाइट के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत कर दी है। शुरुआती चरण में इंडिगो की ओर से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद समेत कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों का संचालन किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर के हवाई यातायात को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति प्रदान करेगी।

लखनऊ से पहली उड़ान में सवार होकर पहुंचे जगद्गुरु सतीश आचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नए एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना बेहद सकारात्मक कदम है और इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

विधानसभा अध्यक्ष का हुआ स्वागत, बोले- विकास को मिलेगी रफ्तार

नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और एयरपोर्ट के संचालन से औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

पहली उड़ान में अभिनेत्री गुल पनाग भी नोएडा पहुंचीं। उन्होंने एयरपोर्ट के सफल संचालन पर खुशी जताते हुए प्रबंधन को बधाई दी और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पहले ही दिन टैक्सी सुविधा पर उठे सवाल

जहां एक ओर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर उत्साह देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ा। लखनऊ से पहुंचे यात्री गर्वित शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें गाजियाबाद जाने के लिए करीब 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन टैक्सी उपलब्ध नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि उड़ान का अनुभव तो शानदार रहा, लेकिन एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद परिवहन सुविधा न मिलना निराशाजनक रहा। उनका कहना था कि टैक्सी जैसी बुनियादी व्यवस्था पहले दिन से ही सुचारु होनी चाहिए थी। यही शिकायत कई अन्य यात्रियों की ओर से भी सामने आई।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …