बिजनेस डेस्क : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने करोड़ों नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। अब पीएफ खाते से जुड़े यूनिवर्सल अकाउंट नंबर को सक्रिय करने के लिए न तो ओटीपी का इंतजार करना होगा और न ही बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठे या उंगलियों के निशान देने की जरूरत पड़ेगी। नई व्यवस्था के तहत अब चेहरे की पहचान तकनीक के जरिए यूएएन को आसानी से सक्रिय किया जा सकेगा।
यह सुविधा उन कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है, जिन्हें आधार से जुड़े मोबाइल नंबर, ओटीपी सत्यापन या बायोमेट्रिक मिलान जैसी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता था।
UMANG ऐप पर शुरू हुई नई सुविधा
नई व्यवस्था के तहत यूएएन सक्रिय करने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक को लागू किया गया है। यह सुविधा उमंग ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए कर्मचारी केवल अपने चेहरे की पहचान करवाकर यूएएन सक्रिय कर सकेंगे।
अब तक यूएएन सक्रिय करना पीएफ खाते के ऑनलाइन संचालन का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता था, लेकिन ओटीपी न मिलने या मोबाइल नंबर बदल जाने जैसी समस्याओं के कारण लाखों कर्मचारियों का काम अटक जाता था। नई प्रणाली इन परेशानियों को काफी हद तक खत्म कर सकती है।
बुजुर्ग कर्मचारियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
नई तकनीक का सबसे अधिक लाभ उन लोगों को मिलने की उम्मीद है, जिनके फिंगरप्रिंट मशीन पर सही तरीके से मैच नहीं हो पाते। उम्र बढ़ने, कठिन शारीरिक श्रम या अन्य कारणों से कई कर्मचारियों को बायोमेट्रिक सत्यापन में परेशानी होती थी। अब ऐसे लोगों को केवल चेहरा स्कैन कराना होगा, जिससे प्रक्रिया पहले से कहीं आसान हो जाएगी।
फोटो या वीडियो से नहीं होगा धोखाधड़ी का खतरा
संगठन ने इस सुरक्षा प्रणाली को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया है। फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया को लाइव फेस रिकग्निशन तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे किसी व्यक्ति की पुरानी तस्वीर या वीडियो दिखाकर सत्यापन नहीं किया जा सकेगा। इस तकनीक का उद्देश्य खाताधारकों के पीएफ फंड को सुरक्षित रखना और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की संभावना को कम करना है।
इस ऐप की होगी जरूरत
नई सुविधा का लाभ लेने के लिए मोबाइल फोन में आधार फेस पहचान से संबंधित आवश्यक ऐप इंस्टॉल होना जरूरी होगा। यह ऐप केवल वास्तविक और लाइव चेहरे की पहचान करता है, जिससे सुरक्षा का स्तर और मजबूत हो जाता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यूएएन सक्रिय करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
Navyug Samachar
