
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर रवाना हो गए हैं। 27 से 29 जून तक होने वाले इस दौरे में वह सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने के समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच दशकों पुराने रिश्तों को नई मजबूती देगी और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा व समृद्धि को आगे बढ़ाने का अवसर बनेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है और दोनों देश साझा विकास, समुद्री सहयोग तथा ग्लोबल साउथ के विजन को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।
राष्ट्रपति के निमंत्रण पर पहुंचेंगे, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
प्रधानमंत्री यह दौरा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं। यात्रा के दौरान वह राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने के लिए उच्चस्तरीय वार्ता भी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत यात्रा के बाद अब यह मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों को और आगे ले जाने का अवसर बनेगी।
भारत-सेशेल्स संबंधों के 50 साल, समुद्री रणनीति में बढ़ती अहमियत
इस वर्ष भारत और सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रिश्ता आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित है।
भारत लंबे समय से हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी समुद्री मौजूदगी और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने पर काम कर रहा है। ऐसे में सेशेल्स की रणनीतिक स्थिति भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी
दौरे का एक और बड़ा पहलू यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसे दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक और संसदीय सहयोग के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं, जिसने वर्षों से दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
रक्षा, समुद्री सुरक्षा और ब्लू इकोनॉमी पर होगी चर्चा
यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, डिजिटल गवर्नेंस, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो जहाज भी हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का पिछले 11 वर्षों में यह दूसरा सेशेल्स दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में इस द्वीपीय देश की यात्रा की थी।
आखिर कितना खास है सेशेल्स?
अफ्रीका का सबसे छोटा संप्रभु देश माने जाने वाले सेशेल्स की आबादी करीब 1.35 लाख है। यहां लगभग 12 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं। करीब 459 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले इस देश में 115 छोटे-बड़े द्वीप हैं, जिनमें से लगभग 33 द्वीपों पर आबादी रहती है।
यह हिंद महासागर का चर्चित पर्यटन केंद्र भी है। इसकी राजधानी विक्टोरिया है, जो माहे द्वीप के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है और देश का प्रमुख व्यापारिक एवं सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है।
Navyug Samachar