
भोपाल: देशभर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है और इसका असर कई राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई इलाकों में लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते करीब 6 दिनों से मानसून एक ही क्षेत्र में ठहरा हुआ है, जिसकी वजह से इसकी आगे बढ़ने की गति प्रभावित हुई है। इसी कारण मध्य प्रदेश के 40 जिलों और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों तक अभी मानसून पूरी तरह नहीं पहुंच सका है।
मध्य प्रदेश के 40 जिलों में अब भी मानसून की एंट्री बाकी
मौसम विभाग के मुताबिक 24 जून को मध्य प्रदेश के 15 जिलों में मानसून ने दस्तक दी थी। इनमें बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अलीराजपुर, इंदौर, धार और हरदा शामिल रहे। लेकिन इसके बाद मानसून की चाल धीमी पड़ गई और राजधानी भोपाल समेत राज्य के करीब 40 जिले अब भी इंतजार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी अभी अधूरी पहुंच
छत्तीसगढ़ में 23 जून को मानसून पहुंचा था, लेकिन पूरे प्रदेश को अभी तक कवर नहीं कर पाया है। कई जिलों में किसान बारिश की राह देख रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कब आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 28 जून तक मानसून की स्थिति सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक बनी हुई थी। अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के बाकी हिस्सों और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में इसके आगे बढ़ने की स्थितियां अनुकूल हैं।
इसके बाद अगले चरण में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के अन्य हिस्सों में मानसून विस्तार कर सकता है।
मध्य प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून की सुस्ती के बीच प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला, उज्जैन, देवास और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, धार, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सागर, रीवा, सतना, शहडोल समेत कई जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कुछ इलाकों में बारिश बनी राहत, कहीं बढ़ी परेशानी
बड़वानी जिले में मानसून पहुंचने के बाद कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे किसानों ने बुवाई तेज कर दी है। हालांकि कुछ इलाकों में नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। वेदपुरी गांव में एक किसान का मकान गिरने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि परिवार सुरक्षित बच गया।
वहीं पाटी क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए। कई जगह पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और प्रशासन को मौके पर निगरानी करनी पड़ी।
छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। सभी संभागों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। बीते दिन राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
Navyug Samachar