
नेशनल डेस्क : अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ये लोग भगवान राम को मानते होते तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी से देश का हर सनातनी आहत है और पूरा देश इस मामले को लेकर दुखी है।
केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने भगवान राम के नाम पर वोट मांगे और सत्ता हासिल की। उनका आरोप था कि सनातन और भगवान राम के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ और सत्ता प्राप्त करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान सब कुछ देख रहे हैं और इस पूरे मामले से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
अमित शाह पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जून 2024 को आयोजित हुआ था और तब से अब तक करीब ढाई साल यानी 891 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अमित शाह एक बार भी राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं गए।
केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला जिससे साबित हो कि अमित शाह राम मंदिर गए हों। उन्होंने कहा कि अमित शाह अपने भाषणों में कई बार भगवान राम का उल्लेख कर चुके हैं, लेकिन दर्शन के लिए नहीं पहुंचे।
अमित शाह से पूछे 5 सवाल
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह के सामने पांच सवाल भी रखे। उन्होंने पूछा—
- राम मंदिर क्यों नहीं गए?
- क्या भगवान राम के दर्शन करने का मन नहीं करता?
- क्या राम मंदिर जाने का मन नहीं करता?
- क्या आपको राम की जरूरत है?
- क्या आप राम जी को भगवान मानते हैं?
‘भगवान राम ने 21 राज्यों में सरकार बनवाई’
केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम की कृपा से बीजेपी को केंद्र और 21 राज्यों में सत्ता मिली। उन्होंने कहा कि कम से कम धन्यवाद देने और प्रसाद चढ़ाने के लिए ही राम मंदिर जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने केवल सत्ता के लिए सनातन और भगवान राम का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सनातन परंपराओं के लिए काम कर रही है। उन्होंने पंजाब में आयोजित कीर्तन संध्या और तीर्थ यात्रा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पार्टी लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देती रही है। साथ ही उन्होंने अमित शाह से राम मंदिर जाकर दर्शन करने की अपील भी की।
एसआईटी जांच पर भी उठाए सवाल
राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी पर भी अरविंद केजरीवाल ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एसआईटी केवल दिखावे की कार्रवाई है और इस मुद्दे पर वह विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उनका आरोप था कि जांच के नाम पर समय बिताया जा रहा है और वास्तविक कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश और केंद्र में सरकार बदलेगी तभी इस मामले में संबंधित लोगों को दंड मिलेगा।
Navyug Samachar