Wednesday , 9 September 2026

मुंबई में बारिश का कहर बढ़ने की चेतावनी: 2 दिन रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद करने की उठी मांग

महाराष्ट्र डेस्क: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 4 और 5 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी बीच राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए दो दिनों के लिए मुंबई के सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने की मांग की है।

अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय मजबूत मानसूनी प्रणाली के कारण मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील रहेंगे। 4 और 5 जुलाई को मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना है। लोगों को जलभराव वाले और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मिलिंद देवरा ने सरकार और बीएमसी से की अपील

बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव और लोकल ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका के बीच सांसद मिलिंद देवरा ने राज्य सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को पत्र लिखकर 4 और 5 जुलाई को मुंबई के सभी प्राथमिक, माध्यमिक स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश और जलभराव की स्थिति में छोटे बच्चों और कॉलेज जाने वाले छात्रों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाना जरूरी है।

बीएमसी पूरी तरह अलर्ट मोड पर

रेड अलर्ट जारी होने के बाद बीएमसी ने अपने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। अंधेरी सब-वे, हिंदमाता, सायन, कुर्ला और मानखुर्द जैसे जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन सक्रिय कर दिए गए हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और मुंबई पुलिस की टीमों को तटीय और निचले इलाकों में तैनात किया गया है। इसके अलावा बीएमसी कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …