
धर्म डेस्क: सनातन धर्म और ज्योतिष शास्त्र में नए वस्त्र धारण करने के लिए भी शुभ और अशुभ दिनों का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि यदि सही दिन नए कपड़े पहने जाएं तो जीवन में सुख, समृद्धि, मान-सम्मान और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। वहीं कुछ ऐसे दिन भी बताए गए हैं, जब नए वस्त्र पहनने से बचने की सलाह दी जाती है। इन्हीं में मंगलवार का दिन भी शामिल है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंगलवार भगवान हनुमान को समर्पित माना जाता है। इसके साथ ही यह दिन ग्रहों के सेनापति मंगल का भी माना जाता है। इस दिन हनुमान जी की पूजा-अर्चना को अत्यंत फलदायी माना गया है, लेकिन नए कपड़े पहनना शुभ नहीं माना जाता।
मंगलवार को नए कपड़े पहनने से क्यों किया जाता है मना?
ज्योतिषीय और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंगलवार के दिन नए वस्त्र धारण करने से व्यक्ति के स्वभाव में क्रोध बढ़ सकता है, जिससे विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। मान्यता यह भी है कि परिवार में वाद-विवाद की संभावना बढ़ सकती है। इसके अलावा मंगलवार को उग्र स्वभाव वाला दिन माना गया है, इसलिए इस दिन नए कपड़े पहनने से उनके आग या जलने से जुड़ी घटनाओं का खतरा अधिक रहने की बात कही जाती है।
शनिवार और रविवार को भी नए वस्त्र पहनने की नहीं दी जाती सलाह
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक मंगलवार के अलावा शनिवार को भी नए कपड़े पहनना शुभ नहीं माना जाता। कहा जाता है कि इस दिन नए वस्त्र धारण करने से कार्यों में बाधाएं आ सकती हैं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने की आशंका रहती है। वहीं रविवार को भी नए कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी गई है। मान्यता है कि इस दिन नए वस्त्र धारण करने से शारीरिक कष्ट का सामना करना पड़ सकता है।
इन दिनों नए कपड़े पहनना माना जाता है बेहद शुभ
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्रवार नए कपड़े पहनने के लिए सबसे शुभ दिन माना गया है। यह दिन सुख, वैभव और समृद्धि के कारक शुक्र ग्रह से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि शुक्रवार को नए वस्त्र धारण करने से जीवन में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का आगमन होता है।
इसके अलावा बुधवार को भी नए कपड़े पहनना शुभ माना गया है। इस दिन नए वस्त्र धारण करने से शुभ परिणाम मिलने की मान्यता है। वहीं गुरुवार और सोमवार को भी नए कपड़े पहनना लाभकारी माना गया है और इन दिनों नए वस्त्र धारण करना शुभ फलदायी बताया गया है।
Navyug Samachar