नेशनल डेस्क: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर लगभग सभी राज्यों में देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 18 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है। कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन 18 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत 18 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है। कानपुर, आगरा, मथुरा, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बांदा, बिजनौर, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली, बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर, कुशीनगर, हरदोई, अयोध्या, उन्नाव, सुल्तानपुर, अमेठी और आजमगढ़ में बारिश के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में दो दिन तक बारिश और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने बिहार के लिए 10 और 11 जुलाई को आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। पटना, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, कटिहार और किशनगंज में भारी बारिश की संभावना है। पटना समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, रामगढ़, जामताड़ा, बोकारो, सिमडेगा, गिरिडीह, सरायकेला, दुमका, गुमला, खूंटी, धनबाद और देवघर में बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
वहीं पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, अलीपुरद्वार, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, नादिया, मालदा, हुगली, कूचबिहार और कालिम्पोंग में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का भी खतरा
उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के सोलन, ऊना, सिरमौर, कांगड़ा, किन्नौर, बिलासपुर, चंबा और लाहौल-स्पीति में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश भी अलर्ट पर
पंजाब के अमृतसर, जालंधर, पटियाला, संगरूर, मोगा, बठिंडा, रूपनगर, फाजिल्का और मुक्तसर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
राजस्थान के अजमेर, अलवर, करौली, बूंदी, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, सवाई माधोपुर और कोटा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के सागर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, खरगोन, मुरैना, इंदौर, रीवा, ग्वालियर, छतरपुर, बालाघाट, विदिशा और दमोह में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
Navyug Samachar
