
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सरकारी स्कूल के एक शिक्षक और शिक्षिका का क्लासरूम के भीतर का कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद पूरे शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने दोनों को निलंबित कर दिया है। वहीं अब इस पूरे मामले में वीडियो कैसे रिकॉर्ड हुआ, इसे लेकर अलग-अलग दावे सामने आने से मामला और भी चर्चा में आ गया है।
शिक्षक की पत्नी का दावा है कि उन्होंने स्कूल की खिड़की के बाहर खड़े होकर स्वयं ये वीडियो रिकॉर्ड किए। वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि स्कूल परिसर में पहले से गोपनीय तरीके से कैमरे लगाए गए थे, जिनमें दोनों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
कैमरे को लेकर सामने आए अलग-अलग दावे
वायरल वीडियो के बाद शिक्षक की पत्नी स्कूल भी पहुंचीं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं स्कूल की खिड़की के पास खड़े होकर वीडियो बनाए हैं। दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई महीने पहले स्कूल में गुप्त रूप से कैमरे लगवाए गए थे, जिनमें कथित तौर पर कई वीडियो रिकॉर्ड हुए।
ग्रामीणों के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद इन फुटेज को सार्वजनिक किया गया। वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि बाद में कैमरे हटा दिए गए। हालांकि इन सभी दावों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
शिक्षा विभाग भी कर रहा है जांच
बेसिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि विद्यालय में विभाग की ओर से कोई कैमरे नहीं लगाए गए हैं। यदि किसी ने बाहर से चोरी-छिपे कैमरे लगाए हैं तो इस पहलू की भी जांच कराई जा रही है। विभाग पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।
वीडियो वायरल होने के बाद दोनों शिक्षक निलंबित
वीडियो सामने आने के बाद संबंधित शिक्षक और शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर अलग-अलग बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक ने भी दोनों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
मंगलवार को दोनों विद्यालय नहीं पहुंचे। मामले के सामने आने के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। कई अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वे अपने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजेंगे।
सरकारी सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का मामला
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों का अमर्यादित आचरण सरकारी सेवक आचरण नियमावली का गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Navyug Samachar