एजुकेशन डेस्क: विदेश में पढ़ाई या नौकरी का सपना देखने वाले छात्रों के लिए जरूरी खबर है। भारत में IELTS परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सितंबर 2026 से IELTS परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित हो जाएगी और पेन-पेपर मोड को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए केवल कंप्यूटर आधारित विकल्प ही मिलेगा।
अगस्त 2026 के बाद खत्म होगा पेपर मोड
IELTS परीक्षा लंबे समय से पेन, पेंसिल और पेपर के माध्यम से आयोजित होती रही है। जो छात्र ऑफलाइन माध्यम से परीक्षा देना पसंद करते हैं, उनके पास अब सीमित मौके बचे हैं।
भारत में पेपर आधारित IELTS परीक्षा के लिए आखिरी तारीखें 25 जुलाई, 6 अगस्त और 22 अगस्त 2026 तय की गई हैं। इसके बाद देश में परीक्षा का आयोजन केवल डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।
परीक्षा का स्तर और पैटर्न नहीं बदलेगा
IELTS परीक्षा आयोजित करने वाली आईडीपी एजुकेशन के अनुसार, परीक्षा के कंप्यूटर आधारित होने से इसके स्तर, प्रश्नों के प्रारूप, कठिनाई और मूल्यांकन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
परीक्षा की कुल अवधि लगभग 2 घंटे 45 मिनट रहेगी और स्कोरिंग प्रक्रिया भी पहले की तरह ही जारी रहेगी।
सुनना, पढ़ना और लिखना होगा कंप्यूटर पर
नए डिजिटल पैटर्न में परीक्षा के तीन हिस्से कंप्यूटर स्क्रीन पर पूरे करने होंगे।
सुनने की परीक्षा, पढ़ने की परीक्षा और लिखने की परीक्षा उम्मीदवारों को कंप्यूटर पर देनी होगी।
वहीं, बोलने की परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्पीकिंग टेस्ट पहले की तरह ही प्रमाणित IELTS परीक्षक के साथ आमने-सामने लाइव इंटरव्यू के रूप में आयोजित होगा।
छात्रों को मिलेगा राइटिंग के लिए हाइब्रिड विकल्प
कंप्यूटर पर तेजी से टाइप करने में परेशानी महसूस करने वाले छात्रों के लिए राहत की व्यवस्था भी की गई है। आईडीपी एजुकेशन हाइब्रिड विकल्प उपलब्ध कराएगा।
इस विकल्प के तहत उम्मीदवार सुनने और पढ़ने की परीक्षा कंप्यूटर पर देंगे, जबकि लिखने वाले हिस्से को हाथ से पेपर पर पूरा करने का विकल्प चुन सकेंगे।
डिजिटल परीक्षा से मिलेंगे कई फायदे
कंप्यूटर आधारित IELTS परीक्षा में छात्रों को कई सुविधाएं मिलेंगी।
पेपर आधारित परीक्षा में जहां परिणाम आने में करीब दो सप्ताह का समय लगता था, वहीं कंप्यूटर आधारित परीक्षा का रिजल्ट 1 से 5 दिनों के भीतर जारी किया जा सकेगा।
इसके अलावा स्क्रीन पर समय देखने के लिए लाइव टाइमर उपलब्ध होगा। लिखने वाले हिस्से में उत्तरों को आसानी से बदला जा सकेगा और सुनने की परीक्षा के दौरान हेडफोन के जरिए स्पष्ट ऑडियो मिलेगा।
छात्रों को अभी से शुरू करनी होगी तैयारी
IELTS परीक्षा दुनिया के 140 से अधिक देशों में 11,000 से ज्यादा संस्थानों और संगठनों द्वारा मान्यता प्राप्त है। परीक्षा के डिजिटल होने के बाद छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते कंप्यूटर, कीबोर्ड और स्क्रीन पर अभ्यास शुरू कर दें, ताकि नए पैटर्न में आसानी से ढल सकें।
Navyug Samachar
