Monday , 5 October 2026

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर आज निर्णायक बैठक! CJP-सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, जंतर-मंतर पर हाई अलर्ट

नेशनल डेस्क: नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच आज तीसरे दौर की अहम बैठक प्रस्तावित है। दोनों पक्षों के बीच पहले हुई वार्ताओं में कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के संकेत मिले हैं, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अब भी गतिरोध कायम है। इस बीच जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

आज दोपहर 3:30 बजे होगी तीसरे दौर की बातचीत

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में CJP और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई। इस दौरान संगठन की तीन प्रमुख मांगों में से दो पर सहमति बनने की संभावना जताई गई, जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी। CJP की ओर से सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ बातचीत की। अब दोनों पक्षों के बीच आज दोपहर 3:30 बजे तीसरे दौर की बैठक प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक, यदि इस बैठक में भी समाधान नहीं निकलता है तो संगठन संसद की ओर बड़े मार्च का ऐलान कर सकता है।

जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई और सख्त

संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इलाके में अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस ने बैरिकेड्स को मजबूत करने के लिए उन्हें भारी जंजीरों से बांधकर वेल्डिंग भी कराई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।

FRS कैमरों से संदिग्धों की पहचान का दावा

दिल्ली पुलिस के फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के जरिए प्रदर्शन स्थल के आसपास निगरानी रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई से 24 जुलाई के बीच इस तकनीक की मदद से करीब 400 ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित उपद्रव को रोकना है।

आंदोलन को मिला नया समर्थन

पेपर लीक मामले में नागपुर की छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी की मौत के बाद उनकी मां नीलम चतुर्वेदी भी आंदोलन में शामिल हो गई हैं। उन्होंने नागपुर के संविधान चौक पर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि वह रोजाना धरने पर बैठेंगी और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली भी जाएंगी। वहीं, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश पर छात्रों के समर्थन में आज देशभर में कैंडल मार्च निकाले जाने की भी घोषणा की गई है।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …