Friday , 2 October 2026

UP Accident: संतकबीरनगर में दर्दनाक हादसा, घर के बाहर बैठे परिवार को ट्रक ने रौंदा; पति-पत्नी समेत 4 की मौत

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे घर के बाहर बैठे परिवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो नातियों की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घर के बाहर बैठे थे परिवार के सदस्य

यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुर्थिया चौराहे पर हुआ। जानकारी के अनुसार, लालजी (62) अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। उनके साथ दो नाती आदर्श (12) और सत्यम (6) भी मौजूद थे।

सुबह करीब आठ बजे खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और चारों को अपनी चपेट में ले लिया।

चालक को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह ट्रक चालक को झपकी आना मानी जा रही है। ट्रक परिवार को कुचलने के बाद आगे जाकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

ट्रक के नीचे फंसे मिले शव

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ट्रक के नीचे फंसे शवों को बाहर निकलवाया। तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

गोरखपुर में दो मोटर बोट टकराईं, एक युवक की मौत

उधर, गोरखपुर के रामगढ़झील में रविवार रात नौका विहार के दौरान दो मोटर बोटों की टक्कर हो गई। हादसे में कुशीनगर के 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एक मोटर बोट झील की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी प्लेटफॉर्म की तरफ लौट रही थी। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक बोट दूसरी के ऊपर चढ़ गई और हादसा हो गया।

 

Check Also

सीएम योगी ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से किया सम्मानित, शहीद निरीक्षक की पत्नी को भी मिला सम्मान

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में अदम्य साहस, …