Thursday , 10 September 2026

आज का मौसम: कई राज्यों पर बारिश-आंधी का बड़ा खतरा, IMD का रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी, बिजली गिरने की चेतावनी

नेशनल डेस्क: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की आशंका है, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

मानसून बना मजबूत, कई राज्यों में बढ़ी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार अल नीनो का प्रभाव पहले के अनुमान के मुकाबले कम देखने को मिला है। वहीं बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे मौसम तंत्र की वजह से मानसून मजबूत बना हुआ है। इसका असर पूर्वी भारत से लेकर पश्चिमी भारत तक दिखाई दे रहा है और कई इलाकों में लगातार भारी बारिश दर्ज की जा रही है।

अगस्त महीने के दौरान दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

पश्चिम बंगाल के चार जिलों में रेड अलर्ट

IMD ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बर्धमान और पूर्वी बर्धमान जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां एक घंटे में 15 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने असम के दरांग और उदालगुड़ी, केरल के अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोल्लम, कोट्टायम, कोझिकोड, मलप्पुरम, पथानमथिट्टा और तिरुवनंतपुरम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा कर्नाटक के शिवमोग्गा, तेलंगाना के वाई. भुवनगिरि तथा आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू, अनाकापल्ली, विशाखापत्तनम और विजयनगरम जिलों में भी तेज हवाओं, गरज-चमक, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा से जम्मू-कश्मीर तक असर

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा के क्योंझर, कोरापुट, मयूरभंज और रायगढ़ा, मध्य प्रदेश के अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों में भी खराब मौसम बना रह सकता है।

इसके साथ ही गुजरात के अरावली, बनासकांठा और साबरकांठा, उत्तर प्रदेश के कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर और उन्नाव, राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी तथा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, बारामूला, बांदीपोरा, गांदरबल, जम्मू, कुलगाम, राजौरी, रामबन, शोपियां और उधमपुर में भी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

दक्षिण भारत में कुछ राहत, पूर्वोत्तर में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके अलावा मध्य और पूर्वी हिमालय की तलहटी वाले इलाकों में भी अगले चार से पांच दिनों तक वर्षा का दायरा बढ़ सकता है।

कमजोर पड़ा डिप्रेशन, लेकिन खतरा बरकरार

IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान तथा गुजरात क्षेत्र पर बना डिप्रेशन कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे सामान्य निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचें। गरज-चमक और तेज हवाओं के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा यात्रा से पहले मौसम और यातायात की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …