Monday , 5 October 2026

झारखंड बंद से रांची में मचा हड़कंप! सड़कों पर उतरे BJP कार्यकर्ता, टायर जलाकर हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी मामलों को लेकर नई विधानसभा के घेराव के दौरान सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का सबसे ज्यादा असर राजधानी रांची में देखने को मिल रहा है। सुबह से ही बंद समर्थक कई इलाकों में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगह टायर जलाकर यातायात बाधित किया गया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की गई।

रांची में कई जगह सड़क जाम, टायर जलाकर प्रदर्शन

बंद समर्थकों के सड़कों पर उतरने से रांची के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। किशोरगंज चौक पर टायर जलाकर सड़क पर प्रदर्शन किया गया। वहीं कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई गेट के पास भी सड़क जाम कर टायर जलाए गए। इन घटनाओं के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

मंगलवार सुबह हरमू चौक और भारत माता चौक के पास भी बंद समर्थकों ने टायर जलाए। इस दौरान दुकानों को बंद कराया गया। किशोरगंज चौक पर लकड़ी जलाकर भी प्रदर्शन किया गया। हालांकि, कुछ स्कूली बसों को वहां से जाने दिया गया। अभी तक किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

सड़कों पर उतरे बीजेपी कार्यकर्ता, CM सोरेन के खिलाफ नारेबाजी

झारखंड बंद के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी रांची में मोर्चा संभाला। हरमू चौक पर पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

बंद के मद्देनजर रांची समेत झारखंड के कई जिलों में निजी स्कूल भी बंद रखे गए हैं। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

सुरक्षा के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात

बंद को देखते हुए रांची जिले में करीब 2 हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थानेदारों को सुबह से ही सतर्क रहने को कहा है। डीएसपी और थानेदार अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि उत्पात या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

विधानसभा परिसर और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी

बंद को देखते हुए पुराने विधानसभा परिसर से नए विधानसभा परिसर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शन या जुलूस की स्थिति में पुलिस को तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।

छात्र नेता बोले- राजनीतिक दल क्या कर रहे हैं, इससे छात्रों का लेना-देना नहीं

बीजेपी के राज्यव्यापी बंद के आह्वान पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि छात्र इस बात में नहीं पड़ना चाहते कि कौन सी पार्टी क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल का बंद का आह्वान करना उसका अधिकार है और इस पर छात्रों की कोई टिप्पणी नहीं है।

रवींद्र पासवान के मुताबिक छात्र अपने आंदोलन के एक मकसद को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों के बंद के आह्वान को लेकर छात्र क्या कह सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र अपने आंदोलन के मुद्दे पर कायम हैं।

रांची डीसी बोले- माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि बंद से निपटने के लिए प्रशासन ने हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है। उनके मुताबिक विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने संयम बरता था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने छात्रों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिसे नाकाम कर दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल अवांछित तत्वों की पहचान वीडियो फुटेज के जरिए की जाएगी। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने घेराव में शामिल होने के लिए बाहर से आए छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए भी पहल की है। छात्रों को वापस घर भेजने के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन की व्यवस्था की है। इसके लिए 9162738438 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

रांची के ज्यादातर स्कूल आज बंद

झारखंड बंद के मद्देनजर राजधानी रांची के अधिकांश स्कूलों ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। डीपीएस, लेडी केसी राय स्कूल, जेवीएम श्यामली, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कैंब्रियन स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, सच्चिदानंद स्कूल, शारदा ग्लोबल स्कूल, मेरे नन्हे कदम स्कूल और ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों ने बंद का नोटिस जारी किया है।

इसके अलावा चिरंजीव पब्लिक स्कूल, मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, सरला बिरला स्कूल, श्रद्धानंद बाल मंदिर स्कूल, सेवंथ स्टार एकेडमी, संत माइकल स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, ब्रिजफोर्ड स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल, ओडीएम सफायर स्कूल, डीएवी नंदराज बरियातू, संत माइकल प्ले स्कूल, जी एंड एच स्कूल, सेंट्रल एकेडमी और लाला लाजपत राय स्कूल भी बंद रहने वाले स्कूलों में शामिल हैं।

नोवल किड्स प्ले स्कूल, यूरो किड्स मोरहाबादी और कांके, ड्रीमर डेन प्री स्कूल, कोलकाता पब्लिक स्कूल, सृजन वैली स्कूल, ईस्ट प्वाइंट स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी कपिलदेव, डीएवी बरियातू और डीएवी गांधीनगर समेत कई अन्य स्कूलों ने भी मंगलवार को स्कूल बंद रखने की सूचना दी है।

रांची में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

फिलहाल झारखंड बंद के दौरान राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिस संवेदनशील इलाकों के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR और Form 6 तक उठे बड़े सवाल

नेशनल डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल अब सुप्रीम …