नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक निजी होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रिसेप्शन से शुरू हुई आग, देखते ही देखते पूरे होटल में फैल गई
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार तड़के होटल के रिसेप्शन में सबसे पहले आग लगी। उस समय होटल में ठहरे श्रद्धालु गहरी नींद में थे, जिससे शुरुआती दौर में किसी को आग लगने की जानकारी नहीं मिल सकी। कुछ ही देर में आग ने होटल के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया और बंद कमरों में तेजी से धुआं भर गया।
धुएं के कारण गई छह लोगों की जान
दमकल विभाग के अनुसार, आग से अधिक धुएं के कारण होटल में ठहरे कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
श्रावण सोमवार पर श्रद्धालुओं से भरा था तारापीठ
हादसे के समय श्रावण मास के सोमवार के कारण तारापीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, प्रतिदिन बिहार और झारखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचने के बाद तारापीठ दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचे हुए थे। भीड़ अधिक होने के कारण क्षेत्र के अधिकांश होटल पूरी तरह भरे हुए थे और जिस होटल में आग लगी, उसमें भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे।
दो दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही रामपुरहाट से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद होटल के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, मृतकों की पहचान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और प्रशासन उनकी शिनाख्त कराने में जुटा हुआ है।
होटल प्रबंधन ने शॉर्ट सर्किट को बताया आग का कारण
होटल प्रबंधन का दावा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले होटल के रिसेप्शन में लगी थी और बाद में तेजी से पूरे भवन में फैल गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जबकि अस्पताल में भर्ती चार गंभीर मरीजों का इलाज जारी है।
Navyug Samachar
