
टेक डेस्क: आज के समय में बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट, शॉपिंग, सोशल मीडिया और मनोरंजन जैसे लगभग सभी काम स्मार्टफोन ऐप्स के जरिए किए जाते हैं। Google Play Store पर लाखों ऐप्स उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें कुछ फर्जी और खतरनाक ऐप्स भी मौजूद हो सकते हैं। ऐसे ऐप्स फोन में इंस्टॉल होने पर निजी जानकारी चोरी होने, बैंकिंग डेटा लीक होने और आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना बेहद जरूरी है।
1. डाउनलोड और रिव्यू जरूर देखें
किसी भी ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसके डाउनलोड की संख्या, यूजर रेटिंग और रिव्यू जरूर देखें। यदि किसी ऐप के रिव्यू लगातार नकारात्मक हैं या डाउनलोड बहुत कम हैं, तो उसे डाउनलोड करने से बचें। हालांकि केवल डाउनलोड की संख्या के आधार पर फैसला करना भी सही नहीं है, क्योंकि कुछ फर्जी ऐप्स भी बड़ी संख्या में डाउनलोड किए जा सकते हैं।
2. रिलीज डेट और अपडेट हिस्ट्री जांचें
ऐप कब जारी किया गया और उसे आखिरी बार कब अपडेट किया गया, यह जानकारी भी महत्वपूर्ण होती है। नियमित अपडेट मिलने वाले ऐप आमतौर पर अधिक भरोसेमंद माने जाते हैं, जबकि लंबे समय से अपडेट न होने वाले ऐप्स पर सतर्क रहना चाहिए।
3. ऐप कौन-कौन सी परमिशन मांग रहा है, जरूर देखें
ऐप इंस्टॉल करने से पहले यह जांचें कि वह किन-किन परमिशन की मांग कर रहा है। उदाहरण के लिए, फोटो एडिटिंग ऐप का गैलरी एक्सेस मांगना सामान्य है, लेकिन यदि वही ऐप बिना जरूरत माइक्रोफोन, कॉन्टैक्ट्स या लोकेशन जैसी संवेदनशील परमिशन मांग रहा है, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है।
4. डेवलपर की पहचान की पुष्टि करें
एक जैसे नाम और आइकन वाले कई ऐप्स भ्रम पैदा कर सकते हैं। इसलिए इंस्टॉल करने से पहले डेवलपर का नाम जरूर जांचें। यदि ऐप किसी प्रसिद्ध कंपनी का है, तो उसके आधिकारिक डेवलपर प्रोफाइल की पुष्टि करें। साथ ही डेवलपर के अन्य ऐप्स भी देखकर उसकी विश्वसनीयता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
5. ऐप का विवरण और स्क्रीनशॉट ध्यान से पढ़ें
ऐप का विवरण, स्क्रीनशॉट और अन्य जानकारी भी सावधानी से देखें। यदि विवरण में बार-बार भाषा संबंधी गलतियां, असामान्य दावे या खराब गुणवत्ता वाले स्क्रीनशॉट दिखाई दें, तो ऐसे ऐप्स से दूरी बनाना बेहतर है।
6. आधिकारिक वेबसाइट से करें पुष्टि
यदि किसी ऐप को लेकर थोड़ा भी संदेह हो, तो संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड लिंक की पुष्टि करें। इससे फर्जी ऐप डाउनलोड करने का जोखिम काफी हद तक कम हो जाता है।
7. Google Play Protect से सुरक्षा जांच करें
ऐप इंस्टॉल करने से पहले Google Play Protect के जरिए सुरक्षा जांच करना भी अच्छा विकल्प है। यदि कोई ऐप संदिग्ध लगे, तो उसे डाउनलोड करने के बजाय रिपोर्ट करें। इसके लिए ऐप के पेज पर जाकर तीन डॉट्स वाले विकल्प में “फ्लैग एज इनएप्रोपिएट” चुनकर कारण दर्ज किया जा सकता है।
सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा
डिजिटल दुनिया में छोटी-सी लापरवाही भी बैंक अकाउंट, निजी जानकारी और स्मार्टफोन की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। इसलिए किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करना सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है।
Navyug Samachar