
उत्तराखंड डेस्क: चमोली में टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुए भूस्खलन के बाद दो श्रमिक अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे के बाद टनल में फंसे 22 श्रमिकों में से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि आठ श्रमिकों की मौत हो चुकी है।
पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की टेल रेस टनल में बृहस्पतिवार को हुए हादसे के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शनिवार को एक और श्रमिक का शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान छत्तीसगढ़ निवासी देवनाथ के रूप में हुई। इससे हादसे में मृतकों की संख्या आठ हो गई है। अब दो श्रमिकों का पता लगाने के लिए अभियान चल रहा है।
मलबे और पानी के कारण रेस्क्यू में चुनौती
लापता श्रमिकों की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें जुटी हैं। टनल के भीतर जमा पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। अंदर मशीनें और निर्माण सामग्री मौजूद होने के साथ पानी और मलबा भी भरा हुआ है, जिससे बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
रेस्क्यू टीमें उस स्थान तक पहुंच चुकी हैं जहां भूस्खलन के कारण मलबा आया था। इसके बावजूद अभी तक लापता दोनों श्रमिकों का कोई पता नहीं चल पाया है। टनल के अंदर से मशीनरी और मलबा हटाकर तलाशी अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
आयुक्त ने रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में टनल हादसे को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव कार्य को पूरी गंभीरता तथा तेजी से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रेस्क्यू में लगी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा।
तीन मशीनें टनल से हटाईं, एक्सकेवेटर और डंपर हटाने का काम जारी
अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में बताया कि रेस्क्यू अभियान के तहत टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। इसके अलावा एक एक्सकेवेटर और एक डंपर को हटाने का काम जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाने और टनल के भीतर खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने को भी कहा, ताकि टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू और अन्य जरूरी कार्यों में सहयोग मिल सके तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सके।
मृतकों के परिजनों के मुआवजे की मांग को लेकर UKD का प्रदर्शन
टनल हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को टीएचडीसी के पीपलकोटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस भी हुई, हालांकि वे कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हादसा कंपनी की लापरवाही के कारण हुआ है और मृतक श्रमिकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी के अधिकारी कार्यालय के बाहर आकर उनसे बातचीत करें और मुआवजे को लेकर स्पष्ट आश्वासन दें।
Navyug Samachar