
चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना इलाज की सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की घोषणा की है। इसके अलावा राज्य में 6,098 अतिरिक्त मेडिकल और पैरामेडिकल सीटें बढ़ाने, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोलने और पेरम्बलूर में 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का फैसला लिया गया है।
स्वास्थ्य बीमा कवर पांच गुना बढ़ाया
मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब पात्र गरीब परिवारों को सालाना 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी। सरकार के मुताबिक इस फैसले से गंभीर बीमारियों, कैंसर और अंग प्रत्यारोपण जैसे महंगे इलाज के दौरान परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी चिकित्सा सुविधाएं
सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष चिकित्सा और सर्जिकल सेवाओं को भी स्वास्थ्य बीमा योजना में शामिल करने का फैसला किया है। ये सुविधाएं चेन्नई और चेंगलपट्टू के सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएंगी।
दूध उत्पादकों को भी राहत
तमिलनाडु सरकार ने दूध उत्पादकों के लिए खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की है। अब उन्हें 38 रुपये के बजाय 41 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध का भुगतान किया जाएगा। राज्य के करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को इसका लाभ मिलने की बात कही गई है।
इसके साथ ही दूध उत्पादकों को मिलने वाला सरकारी प्रोत्साहन भी 3 रुपये से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। सरकार के मुताबिक इससे सरकारी खजाने पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये और सालाना करीब 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
6,098 नई सीटें और 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज
राज्य सरकार ने मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 351 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इनमें बीएससी नर्सिंग की 660 और विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की 2,778 सीटें शामिल हैं।
इसके अलावा तमिलनाडु में 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है।
पेरम्बलूर में बनेगा 400 बेड का अस्पताल
क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पेरम्बलूर में 300 करोड़ रुपये की लागत से 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। यहां मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
सभी विधायकों को सरकारी वाहन देने का ऐलान
सरकार ने राज्य के सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की है। सरकार के मुताबिक इससे विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिक प्रभावी तरीके से काम कर सकेंगे।
Navyug Samachar