
नेशनल डेस्क: भारतीय रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था आम तौर पर देखने को मिलती है, लेकिन दिल्ली मेट्रो में ऐसा सिस्टम नजर नहीं आता. मेट्रो सफर के दौरान अगर प्यास लग जाए तो अक्सर यात्रियों को पानी खरीदना पड़ता है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर रेलवे की तरह मुफ्त पीने का पानी क्यों नहीं मिलता? क्या मेट्रो प्रशासन के लिए यात्रियों को फ्री पानी उपलब्ध कराना जरूरी है?
फ्री पानी देना मेट्रो के लिए अनिवार्य नहीं
जो लोग मानते हैं कि मेट्रो स्टेशन पर भी रेलवे की तरह मुफ्त पानी उपलब्ध होना चाहिए, उनके लिए नियम की स्थिति अलग है. संबंधित नियमों के मुताबिक, मेट्रो स्टेशनों पर मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराना अनिवार्य नहीं है. यह संबंधित मेट्रो कॉरपोरेशन के फैसले के दायरे में आता है.
साल 2023 में राज्यसभा में दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल पूछा गया था. इसमें मुफ्त पीने के पानी का मुद्दा भी शामिल था.
सरकार से पूछा गया था कि मेट्रो में मुफ्त पीने का पानी और टॉयलेट की सुविधा क्यों नहीं दी जाती. इसके जवाब में आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्यसभा को बताया था कि मुफ्त पीने के पानी और टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला संबंधित मेट्रो रेल प्रशासन के दायरे में आता है.
इसका मतलब है कि ऐसा कोई नियम नहीं है जिसके तहत दिल्ली मेट्रो के हर स्टेशन पर मुफ्त पानी उपलब्ध कराना जरूरी हो.
दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर पानी कैसे मिलता है?
हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है. संसद में दिए गए जवाब के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी ने स्टेशनों पर दुकानों, कियोस्क और वॉटर एटीएम के जरिए भुगतान के आधार पर पीने के पानी की व्यवस्था की है.
ऐसे में यात्रियों को बोतलबंद पानी या वॉटर एटीएम से पानी लेने के लिए भुगतान करना पड़ सकता है.
पैसे नहीं हैं तो ऐसे मिलेगा पानी
अगर किसी यात्री के पास पानी खरीदने के पैसे नहीं हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसे पीने का पानी नहीं मिलेगा. डीएमआरसी ने सभी स्टेशन स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि मांगने पर यात्रियों को पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए.
यानी मेट्रो स्टेशन पर अगर आपको पीने के लिए पानी चाहिए, तो आप स्टेशन स्टाफ से पानी मांग सकते हैं.
लखनऊ और जयपुर मेट्रो में अलग व्यवस्था
दिल्ली मेट्रो में जहां मुफ्त पानी की सुविधा को अनिवार्य नहीं किया गया है, वहीं लखनऊ और जयपुर मेट्रो में यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था मौजूद है. इसलिए अलग-अलग मेट्रो प्रणालियों में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में अंतर देखने को मिलता है.
Navyug Samachar