
नई दिल्ली: वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर फिल्म बनने के बाद अब चर्चा तेज है कि क्या ‘द फैमिली मैन’ और ‘पंचायत’ जैसे लोकप्रिय शोज पर भी फिल्म बनाई जा सकती है। इसी बीच ‘पंचायत’ में प्रधान पति ब्रिज भूषण दुबे का किरदार निभाने वाले अभिनेता रघुबीर यादव ने सीरीज को फिल्म में बदलने को लेकर अपनी राय जाहिर की है।
हाल ही में ‘पंचायत’ के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने संकेत दिया था कि सीरीज का पांचवां सीजन अक्टूबर-नवंबर 2026 के आसपास आ सकता है। हालांकि, ‘पंचायत’ पर फिल्म बनाने को लेकर मेकर्स की ओर से अभी कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है।
रघुबीर यादव ने ‘वैराइटी इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘पंचायत’ की कहानी को महज तीन घंटे की फिल्म में समेटना आसान नहीं होगा। उनके मुताबिक, सीरीज में कई किरदार हैं और हर किरदार की अपनी अलग कहानी है। ऐसे में फिल्म बनाने से शो के आने वाले सीजन पर भी असर पड़ सकता है।
‘फिल्म क्यों बनाएंगे और सीजन क्यों खराब करेंगे?’
रघुबीर यादव ने कहा, “हो सकता है कि लेखक के दिमाग में अभी कई और सीजन हों। फिर फिल्म क्यों बनाएंगे और सीजन क्यों खराब करेंगे?”
अभिनेता का कहना है कि ‘पंचायत’ में कहानी को आगे बढ़ाने की काफी गुंजाइश है। ऐसे में उसे सीमित समय वाली फिल्म में समेटने के बजाय सीरीज के अगले सीजन में कहानी को आगे बढ़ाना ज्यादा स्वाभाविक हो सकता है।
गांव की जिंदगी को 3-4 घंटे में समेटना मुश्किल
रघुबीर यादव ने गांव की जिंदगी को करीब से देखने के अपने अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन-चार घंटे की फिल्म में गांव और वहां रहने वाले लोगों की पूरी जिंदगी को दिखाना बेहद मुश्किल है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि शो के बनराकस, मंजू देवी और सचिव जी जैसे किसी भी किरदार की कहानी के लिए तीन घंटे का समय पर्याप्त नहीं होगा। उनके मुताबिक, इन किरदारों की अपनी अलग दुनिया और कहानी है, जिसे विस्तार से दिखाने के लिए ज्यादा समय की जरूरत पड़ती है।
फिल्म बनी तो काम जरूर करेंगे
हालांकि, रघुबीर यादव ने यह भी साफ किया कि अगर मेकर्स ‘पंचायत’ पर फिल्म बनाने का फैसला करते हैं तो वह इसमें दखल नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने का फैसला लेखक और मेकर्स का होगा।
रघुबीर यादव के मुताबिक, अगर ‘पंचायत’ पर फिल्म बनती है तो वह उसमें काम जरूर करेंगे। यानी अभिनेता ने फिल्म के विचार पर अपनी चिंता जाहिर करने के साथ यह भी स्पष्ट कर दिया है कि मेकर्स के फैसले के मुताबिक वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं।
Navyug Samachar