Saturday , 26 September 2026

चार राज्यों को जोड़ने वाली नई अमृत भारत ट्रेन का ऐलान, 2532 किमी का सफर; जानें रूट और पूरा टाइम टेबल

नेशनल डेस्क: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भुज और बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को जोड़ेगी। करीब 2532 किलोमीटर लंबे इस रेल सफर के दौरान ट्रेन 20 से ज्यादा स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और इसके संचालन का समय भी तय कर दिया गया है।

भुज से बरौनी तक ऐसा रहेगा समय

भुज से बरौनी जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19427 भुज स्टेशन से शाम 5:30 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए ट्रेन अगले दिन तड़के 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी।

यह ट्रेन भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। वहीं, वापसी में बरौनी से भुज जाने वाली ट्रेन संख्या 19428 रात 11:55 बजे बरौनी से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी। बरौनी से यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।

20 से ज्यादा स्टेशनों पर ठहराव

नई अमृत भारत एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। इसके निर्धारित ठहरावों में सामाख्याली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

इस रूट के जरिए पश्चिमी भारत से बिहार तक लंबी दूरी की सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। ट्रेन के रास्ते में आने वाले उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रमुख शहर भी इस सेवा से जुड़ेंगे।

गुजरात से बिहार के बीच बढ़ेगा रेल संपर्क

भुज और बरौनी के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ कामगारों और कारोबारियों को भी इस सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सकता है।

 

Check Also

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ने बदला यूपी का मौसम, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

यूपी डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के …