Wednesday , 30 September 2026

दिल्ली-UP से बिहार तक फिर बदलेगा मौसम! 15 राज्यों में बारिश-आंधी और बिजली का अलर्ट, जानें आज कहां कैसा रहेगा मौसम

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। लगातार बारिश के चलते कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 सितंबर 2026 के लिए दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 15 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से उत्तर और पूर्वी भारत में मौसम की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।

दिल्ली-NCR में अगले तीन दिन छाए रहेंगे बादल

दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 4 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और पंजाब-हरियाणा के कई हिस्सों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल में 4 अक्टूबर तक बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव क्षेत्र का असर पश्चिम बंगाल के मौसम पर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक सिस्टम का राज्य पर सीधा प्रभाव ज्यादा नहीं रहने की संभावना है, लेकिन इसके आगे बढ़ने के कारण कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

29 सितंबर को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का अनुमान है और 4 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकता है।

राजस्थान में कई इलाकों में बरसेंगे बादल

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों में आज भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।

यूपी में बारिश के साथ आंधी और बिजली का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम बदला हुआ है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कई जगह बारिश हुई है, जिसके चलते तापमान में भी गिरावट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ इलाकों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

बिहार में 1 अक्टूबर तक खराब मौसम के आसार

बिहार के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। यह मौसम 1 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बना रह सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश का अनुमान

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पंजाब-हरियाणा में भी बरसेंगे बादल

हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ इलाकों में भी आज बारिश होने की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है। पंजाब में भी कुछ स्थानों पर इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है।

इन राज्यों में भी बारिश का पूर्वानुमान

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

 

Check Also

झांसी में जल तर्पण के दौरान बड़ा हादसा! पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की डूबकर मौत, बचाने उतरे युवक की भी गई जान

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान दर्दनाक हादसा …