Wednesday , 30 September 2026

आधार कार्ड के लिए अब नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन! UIDAI का बड़ा बदलाव, घर बैठे बुक होगा अपॉइंटमेंट और मिलेगा डिजिटल टोकन

लखनऊ: आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए अब लोगों को लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी से राहत मिल सकती है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई ने लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय में सफल रहे टोकन मैनेजमेंट सिस्टम को अब देशभर के सभी राज्य और क्षेत्रीय कार्यालयों में लागू कर दिया है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक घर बैठे डिजिटल अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे और डिजिटल टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरभ विजय, प्राधिकरण के सदस्य प्रो. मौसम, मुख्यालय के उप महानिदेशक विवेक चंद्र वर्मा और लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने मंगलवार को इस प्रणाली को देशभर में लागू करने की पहल का शुभारंभ किया। इस व्यवस्था से कार्यालयों में होने वाली भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी।

लखनऊ में मार्च से चल रही थी डिजिटल टोकन व्यवस्था

यूआईडीएआई ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालयों में अधिक भीड़ होने के कारण कई बार लोगों को बिना सेवा प्राप्त किए वापस लौटना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय में इसी साल मार्च में डिजिटल टोकन प्रणाली विकसित की गई थी।

लखनऊ में व्यवस्था के सफल रहने के बाद अब इसे देशभर के सभी राज्य और क्षेत्रीय कार्यालयों में लागू किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को निर्धारित समय पर आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मोबाइल से बुक कर सकेंगे अपॉइंटमेंट

नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन करके या यूआईडीएआई की सेवा व्यवस्था में लॉगइन कर अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। अपॉइंटमेंट बुक होने के बाद डिजिटल टोकन प्राप्त किया जा सकेगा।

अग्रिम अपॉइंटमेंट की सुविधा सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा कार्यालय परिसर से उसी दिन की बुकिंग भी निर्धारित समयावधि में की जा सकेगी।

दूर-दराज से आने वाले लोगों को भी मिलेगी राहत

डिजिटल टोकन जनरेट होने के बाद इसे निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। नई व्यवस्था से खासतौर पर दूर-दराज के जिलों से आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए आने वाले नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्हें पहले से अपॉइंटमेंट मिलने के कारण कार्यालय में अनावश्यक इंतजार और भीड़ से बचने में मदद मिलेगी।

 

Check Also

झांसी में जल तर्पण के दौरान बड़ा हादसा! पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की डूबकर मौत, बचाने उतरे युवक की भी गई जान

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान दर्दनाक हादसा …