Saturday , 3 October 2026

मुश्किल हालात में पढ़ रहा था हनुमान चालीसा… PM मोदी से वीडियो कॉल पर बोले कैप्टन स्मित मच्छार, बताया कैसे बचाई यात्रियों की जान

नेशनल डेस्क: फ्लाईदुबई विमान की घटना में घायल कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत में कैप्टन स्मित ने उस मुश्किल वक्त को याद किया, जब वह खुद जीवन-मृत्यु से जूझ रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।

‘आपने अपनी नहीं, यात्रियों की जान की परवाह की’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत के दौरान कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए महामृत्युंजय का जाप भी किया जा रहा है। पीएम मोदी ने कैप्टन की हिम्मत, धैर्य और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं वजहों से कई लोगों की जान बच सकी।

पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा देश गर्व के साथ कह सकता है कि हिंदुस्तानी जान लेने वाले नहीं, बल्कि जान बचाने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित खुद गंभीर स्थिति में थे और जीवन-मृत्यु की लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने जीवन की चिंता करने के बजाय यात्रियों की जान बचाने की कोशिश की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि कैप्टन स्मित ने 140 करोड़ देशवासियों का मान रखा। उन्होंने उनकी बहादुरी पर गर्व जताया।

कैप्टन स्मित ने बताया, उस वक्त आखिर क्या हुआ था

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने घटना के दौरान सामने आई परिस्थितियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उस समय वह अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहे थे। एक वक्त ऐसा आया जब उन्हें लगा कि अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी।

कैप्टन ने बताया कि वह नीचे गिर चुके थे। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि विमान नीचे जा रहा है। उन्हें पता था कि यह आखिरी कोशिश का वक्त है। उन्होंने कहा कि उनके मन में आया कि एक आखिरी प्रयास करना होगा और दरवाजा सामने ही था।

उन्होंने बताया कि वह लगातार चोट खा रहे थे, लेकिन उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोल दिया। इसके बाद बाकी लोग बाहर आ गए। कैप्टन स्मित ने यह भी कहा कि इसमें बाकी सभी लोगों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण थी।

‘आप मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं’, पीएम मोदी से बोले कैप्टन स्मित

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि वह उनके सबसे बड़े आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने उन्हें फोन करके जिस तरह हौसला बढ़ाया, उससे उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है।

मुश्किल वक्त में पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा

कैप्टन स्मित मच्छार ने प्रधानमंत्री को बताया कि जब भी वह मुश्किल परिस्थितियों में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। फ्लाईदुबई की घटना के दौरान हालात बेहद कठिन थे और उस वक्त भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।

उन्होंने बताया कि उस मुश्किल समय में हनुमान चालीसा ने उन्हें हिम्मत दी। खुद जीवन के लिए संघर्ष करने के बावजूद यात्रियों को बचाने की उनकी कोशिश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जिक्र किया और उनके साहस की सराहना की।

 

Check Also

गांधी जयंती पर सीएम योगी ने चलाया चरखा, बोले- आत्मनिर्भर भारत की नींव है स्वदेशी और स्वावलंबन

यूपी डेस्क: गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी आश्रम …