Wednesday , 7 October 2026

कितने करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं BJP के राज्यसभा प्रत्याशी? श्रुति गंगवार के पास 1.125 किलो सोना और 5 किलो चांदी

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के आठ प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति का ब्योरा भी दाखिल किया है। हलफनामों में चल-अचल संपत्ति, बैंक जमा, निवेश, आभूषण, वाहन और लाइसेंसी हथियारों की जानकारी सामने आई है। इनमें श्रुति गंगवार और उनके पति सुबोध गंगवार की कुल घोषित संपत्ति 14.81 करोड़ रुपये है। वहीं, प्रियंका सिंह रावत समेत कई प्रत्याशियों के पास लाइसेंसी हथियार भी हैं।

श्रुति गंगवार के पास सबसे ज्यादा सोना-चांदी

श्रुति गंगवार के नाम 2.92 करोड़ रुपये की चल और 4.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित है। उनके पति सुबोध गंगवार के पास 1.68 करोड़ रुपये की चल और 5.24 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। दोनों की कुल घोषित संपत्ति 14.81 करोड़ रुपये है।

आभूषणों की बात करें तो श्रुति गंगवार के पास 1125 ग्राम यानी 1.125 किलो सोना और पांच किलो चांदी है। इनकी घोषित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। उनके पति के पास भी 250 ग्राम सोना है।

श्रुति गंगवार ने के-जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड और ऑट सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में निवेश किया है। उनके पास 1.25 लाख रुपये नकद और उनके पति के पास 1.95 लाख रुपये नकद घोषित किए गए हैं।

प्रियंका सिंह रावत के पास पिस्टल और 6.66 करोड़ की संपत्ति

भाजपा प्रत्याशी प्रियंका सिंह रावत की कुल चल-अचल संपत्ति करीब 6.66 करोड़ रुपये घोषित की गई है। उनके पास लाइसेंसी कोल्ट पिस्टल है, जबकि उनके पति के नाम भी एक पिस्टल दर्ज है।

प्रियंका सिंह रावत के पास करीब 500 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और पांच लाख रुपये मूल्य का हीरा है। उनके पति के पास 25 ग्राम सोना और एक लाख रुपये का हीरा घोषित किया गया है।

प्रियंका के नाम फोर्ड फिएस्टा कार है। लखनऊ के गोमतीनगर में दंपती के नाम साझा मकान है, जबकि बाराबंकी में प्रियंका के नाम जमीन और मकान की संपत्ति भी दर्ज है। दंपती पर करीब एक करोड़ और 37 लाख रुपये के अलग-अलग बैंक लोन घोषित हैं।

गोपी कृष्ण पांडेय की संपत्ति 5.62 करोड़ से ज्यादा

गोपी कृष्ण पांडेय ने 5.62 करोड़ रुपये से अधिक की कुल संपत्ति घोषित की है। उनके पास करीब 1.33 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके नाम सोनालिका ट्रैक्टर और उनकी पत्नी के नाम महिंद्रा कार है।

पांडेय के पास 250 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास 500 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी घोषित है। उनके पास करीब दो लाख रुपये मूल्य की बेरेटा स्कॉट रिवॉल्वर भी है।

रामप्रकाश पाल के पास 2.28 करोड़ की संपत्ति

रामप्रकाश पाल और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति 2.28 करोड़ रुपये है। रामप्रकाश के पास 1.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, जबकि उनकी पत्नी के पास 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।

रामप्रकाश के पास 26 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास 98 ग्राम सोना और 490 ग्राम चांदी घोषित की गई है। उनके नाम एक स्कूटी भी है।

राधाकांत ओझा के बैंक खातों में 2.24 करोड़

राधाकांत ओझा के पास 500 ग्राम सोना और 2.5 किलो चांदी घोषित है। उनके और उनकी पत्नी के पास एक-एक लाख रुपये नकद हैं।

ओझा के पांच बैंक खातों में करीब 2.24 करोड़ रुपये जमा बताए गए हैं। इसके अलावा करीब 1.32 करोड़ रुपये का निवेश और तीन एलआईसी पॉलिसियां भी घोषित की गई हैं। उनके और उनकी पत्नी के नाम अलग-अलग संपत्तियां भी दर्ज हैं।

धर्मपाल सिंह के पास रिवॉल्वर और रायफल

भाजपा प्रत्याशी धर्मपाल सिंह और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति 4.69 करोड़ रुपये है। हलफनामे के मुताबिक धर्मपाल सिंह के पास एक रिवॉल्वर और एक रायफल है, जबकि उनकी पत्नी के पास भी एक रिवॉल्वर है।

दोनों की कुल चल संपत्ति 1.12 करोड़ रुपये से अधिक और अचल संपत्ति करीब 3.57 करोड़ रुपये है। इसमें कृषि और गैर-कृषि जमीन शामिल है। धर्मपाल सिंह के पास टाटा सफारी भी है। उन पर करीब 1.01 करोड़ रुपये की देनदारी घोषित की गई है।

विद्यासागर सोनकर की संपत्ति 4.50 करोड़

विद्यासागर सोनकर ने पत्नी समेत कुल 4.50 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। दोनों के बैंक खातों में कुल 81 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।

सोनकर के पास 30 लाख रुपये की एलआईसी है, जबकि उनकी पत्नी के नाम 90 लाख रुपये की एलआईसी और पोस्ट ऑफिस में करीब 2.88 लाख रुपये की आरडी है।

असलहों की बात करें तो उनके पास एक रायफल और एक रिवॉल्वर है। उनके नाम टाटा सफारी, दो टाटा ऐस और एक ट्रैक्टर भी घोषित किया गया है।

रामप्रताप सिंह के पास 2.61 करोड़ की संपत्ति

रामप्रताप सिंह और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति 2.61 करोड़ रुपये है। रामप्रताप के पास 83.9 लाख रुपये की चल और 1.16 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 52.30 लाख रुपये की चल और आठ लाख रुपये की अचल संपत्ति है।

दंपती के पास एक स्कॉर्पियो है। रामप्रताप सिंह के पास 80 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है, जबकि उनकी पत्नी के पास 300 ग्राम सोना और दो किलो चांदी घोषित की गई है।

हलफनामों में संपत्ति के साथ हथियारों का भी ब्योरा

भाजपा के इन राज्यसभा प्रत्याशियों के नामांकन के साथ सामने आए हलफनामों में संपत्ति और देनदारियों के अलावा लाइसेंसी हथियारों की जानकारी भी दर्ज है। कई प्रत्याशियों के पास रिवॉल्वर, पिस्टल या रायफल होने की जानकारी दी गई है।

इन आंकड़ों में प्रत्याशियों और उनके पति-पत्नी की घोषित चल-अचल संपत्ति, बैंक जमा, निवेश, आभूषण, वाहन और देनदारियां शामिल हैं। सभी विवरण नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामों में दी गई जानकारी पर आधारित हैं।

 

Check Also

25 साल की जनसेवा पर PM मोदी को नमन, अहमदाबाद में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’; ‘विकसित भारत’ की शपथ लेकर लिया राष्ट्रनिर्माण का संकल्प

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के …