
वायरल डेस्क: दादी और पोते के रिश्ते की मिठास दिखाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बुजुर्ग दादी अपने छोटे से संदूक में संभालकर रखा हुआ आखिरी 100 रुपये का नोट पोते को दे देती हैं। दादी के इस स्नेह को देखकर लोग भावुक हो गए और इसे रिश्तों में सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं।
छोटे संदूक में संभालकर रखा था नोट
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि दादी अलमारी के पास बैठी हुई हैं और उनके पास एक छोटा सा संदूक रखा है। जब उनसे 100 रुपये मांगे जाते हैं तो वह उस संदूक को खोलती हैं। संदूक पर ताला लगा हुआ था, जिसे खोलने में उन्हें थोड़ा समय लगता है।
इसके बाद वह अंदर रखे रुमाल को निकालती हैं, जिसमें पैसे संभालकर रखे गए थे। काफी देर बाद जब रुमाल खुलता है तो उसमें रखा 100 रुपये का नोट सामने आता है।
आखिरी नोट भी पोते को दे दिया
वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वह 100 रुपये का नोट दादी के पास बचा हुआ आखिरी नोट था। इसके बावजूद उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के वह पैसे अपने पोते को दे दिए। इतना ही नहीं, पैसे देने के बाद उन्होंने पोते से यह भी पूछा कि उसे और पैसे चाहिए क्या।
दादी के इस छोटे से व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया। वीडियो में दिखाई गई मासूमियत और अपनापन लोगों को अपने पुराने दिनों और दादी-नानी के प्यार की याद दिला रहा है।
लोगों ने बताया दादी के प्यार को अनमोल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि दादी का प्यार दुनिया की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक होता है।
एक यूजर ने लिखा कि इस वीडियो ने उसे अपनी दादी की याद दिला दी। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद और उनका प्यार किसी भी चीज से ज्यादा कीमती होता है। कई यूजर्स ने दादी को आखिरी मासूम पीढ़ी का उदाहरण भी बताया।
Navyug Samachar