Saturday , 24 October 2026

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी के बीच CJP नेताओं पर पुलिस का एक्शन, सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में

नेशनल डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को फिर हिरासत में ले लिया। दोनों नेता अपने कुछ समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इससे पहले भी CJP के नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया जा चुका है।

सौरव दास और आशुतोष रांका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें समर्थक नारे लगाते नजर आ रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई जा रही है।

प्रदर्शन की अनुमति के लिए पुलिस से किया था आग्रह

CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने सोमवार को संसद मार्ग थाने पहुंचकर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर आवेदन दिया था। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए उनकी सुविधा के अनुसार तारीख और समय तय कर इसकी जानकारी दी जाए।

दास के मुताबिक, पुलिस ने पहले तय प्रक्रिया पूरी नहीं होने का हवाला देते हुए उनके आवेदन को रद्द करने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने नया आवेदन देकर 24 घंटे के भीतर प्रदर्शन की तारीख और समय बताने का अनुरोध किया था।

जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने पर विवाद

CJP नेताओं की ओर से आवेदन दिए जाने के बाद जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने की बात सामने आई। इस पर CJP संयोजक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।

पहले भी हिरासत में लिए गए थे CJP नेता

इससे पहले शनिवार को भी CJP के सदस्य अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में लिया था। तीनों नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले थे।

CJP नेताओं का कहना है कि वे अपने मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं, जबकि पुलिस की ओर से अब तक हिरासत में लेने की कार्रवाई की गई है। मंगलवार की कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।

 

Check Also

शादी के बाद भी दहेज मांगा तो होगी कार्रवाई! MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मौखिक गवाही से भी साबित हो सकता है आरोप

  नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने दहेज से जुड़े एक मामले …