Friday , 16 October 2026

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का होगा विमोचन, CM योगी करेंगे ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा’ का अनावरण

लखनऊ डेस्क: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा : मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ का विमोचन बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इस पुस्तक का अनावरण करेंगे। इस आत्मकथा में रामनाथ कोविंद ने अपने जीवन संघर्ष, राष्ट्रपति पद के अनुभवों और देश की संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को साझा किया है।

पुस्तक में जीवन संघर्ष से लेकर राष्ट्रपति कार्यकाल तक का जिक्र

रामनाथ कोविंद की आत्मकथा में उनके व्यक्तिगत जीवन की चुनौतियों के साथ-साथ देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में उनकी भूमिका, फैसलों और अनुभवों को विस्तार से शामिल किया गया है। पुस्तक में कोविड-19 संकट के दौर, संवैधानिक शक्तियों के उपयोग, केंद्र और राज्य संबंधों तथा अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से जुड़े अनुभवों का भी उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर के तौर पर उनकी जिम्मेदारियों और उससे जुड़े अनुभवों को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है। यह आत्मकथा केवल व्यक्तिगत यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की शासन व्यवस्था और संवैधानिक परंपराओं को समझने का अवसर भी प्रदान करती है।

कानपुर देहात के गांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर

रामनाथ कोविंद का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के परौंख गांव में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 25 जुलाई 2017 को उन्होंने देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले वह बिहार के राज्यपाल पद पर भी रह चुके हैं।

रामनाथ कोविंद अप्रैल 1994 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे और लगातार दो कार्यकाल तक उच्च सदन के सदस्य रहे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने वकालत के क्षेत्र में भी काम किया। वह दिल्ली उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

राष्ट्रपति पद के अनुभवों को सामने लाएगी आत्मकथा

इस पुस्तक के माध्यम से रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए सामने आई संवैधानिक चुनौतियों, प्रशासनिक अनुभवों और देश-विदेश से जुड़े मामलों पर अपने दृष्टिकोण को साझा किया है। पुस्तक में उनके सार्वजनिक जीवन की यात्रा और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज से जुड़े अनुभवों को भी जगह दी गई है।

 

Check Also

पाकिस्तान की ओर से हर आतंकी हरकत का मिलेगा और कड़ा जवाब, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चेतावनी

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि …