
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित सांप कांड मामले में अदालत ने शुक्रवार को रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई। दोनों को महिला के पति अमित कश्यप की हत्या का दोषी ठहराया गया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, हत्या को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने के लिए अमित के शव पर सांप छोड़ने की साजिश रची गई थी। फैसले से पहले अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं।
सरकारी वकील और पीड़ित परिवार ने की थी फांसी की मांग
सजा पर सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने रविता और अमरदीप के लिए मृत्युदंड की मांग की। अमित कश्यप की मां मुनेश देवी ने भी दोनों दोषियों को फांसी देने की मांग की। पीड़ित परिवार के सदस्य भी अदालत पहुंचे थे। खबर के मुताबिक, सजा सुनाए जाने से पहले दोनों दोषियों ने अदालत में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
क्या है मेरठ का चर्चित सांप कांड?
यह मामला मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है। अभियोजन के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 की रात रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की हत्या की थी। इसके बाद मौत को सर्पदंश का मामला दिखाने के इरादे से शव पर सांप छोड़ दिया गया था। इस घटना ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
मामले की जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम साबित हुई। रिपोर्ट में अमित की मौत गला दबाने से होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार किया। इसके बाद मामला अदालत में पहुंचा और सुनवाई के दौरान दोनों के खिलाफ साक्ष्यों पर विचार किया गया।
हत्या वाली रात 50 से ज्यादा बार हुई थी फोन पर बातचीत
मामले में सामने आया कि रविता और अमरदीप के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी। हत्या वाली रात भी दोनों के बीच 50 से अधिक बार बातचीत होने की बात जांच में सामने आई। इसके अलावा, अमरदीप को वारदात वाली रात घर से बाहर जाते हुए देखे जाने की जानकारी भी सामने आई थी। अदालत ने 7 अक्टूबर को दोनों को दोषी करार दिया था और 16 अक्टूबर को सजा सुनाई।
Navyug Samachar