Friday , 30 October 2026

अमित शाह पहुंचे लखनऊ, यूपी बीजेपी की नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक शुरू; 2027 चुनाव की तैयारी पर मंथन

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह लखनऊ पहुंच गए। दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने यूपी बीजेपी की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में हिस्सा लिया। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में प्रदेश के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों समेत तीन हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की जानकारी है।

अमित शाह के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद एयरपोर्ट पहुंचे। बारिश के बीच प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, भाजपा नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। इस बैठक के साथ ही भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है।

पंकज चौधरी की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। स्वागत भाषण में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने का काम बूथ स्तर के कार्यकर्ता करते हैं। कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पूंजी हैं।

उन्होंने कहा कि बूथ को मजबूत करते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंचना है और किसी को भी पीछे नहीं छोड़ना है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा।

2017 से पहले के यूपी और मौजूदा स्थिति का किया जिक्र

पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और भ्रष्टाचार से होती थी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदली है।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होनी है। अमित शाह की मौजूदगी को इस दो दिवसीय बैठक का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

 

Check Also

लखनऊ ट्रिपल मर्डर: फरार राजेश और उसकी भतीजी पर 25-25 हजार का इनाम, गुंडा एक्ट में भी दर्ज है आरोपी का नाम

यूपी डेस्क: लखनऊ के सआदतगंज स्थित ब्राह्मणी टोला में आरएसएस के पूर्व सह-कार्यवाह शिवाजी तिवारी, …